पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने नीदरलैंड दौरे के दौरान वर्ल्ड हॉर्टी सेंटर का दौरा किया और इसे बेहद लाभकारी बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दौरे की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि उनकी टीम ने आधुनिक बागवानी प्रणालियों, ग्रीनहाउस तकनीकों और कीटनाशकों के उपयोग को कम करने के तरीकों का गहन अध्ययन किया।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य राज्य की कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए विश्वस्तरीय संस्थानों के साथ साझेदारी करना है। उन्होंने लिखा, "हमने एडवांस हॉर्टिकल्चर तकनीकों, ग्रीनहाउस फार्मिंग और कीटनाशकों के न्यूनतम उपयोग पर विस्तार से जानकारी ली। दुनिया के अग्रणी देशों की तरह हम भी ऐसे प्रमुख संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण समझौते करेंगे, ताकि पंजाब की कृषि को अगले स्तर तक ले जाया जा सके।" उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार इन वैश्विक तकनीकों को राज्य में लागू कर किसानों के लिए अधिक समृद्ध और टिकाऊ भविष्य सुनिश्चित करना चाहती है।
इंडिया हाउस में हुई अहम बैठक
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन से इंडिया हाउस में मुलाकात की। इस बैठक में कृषि, बागवानी, उद्योग, शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान आधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के जरिए पंजाब के समग्र विकास के नए अवसरों पर भी विचार किया गया।