1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. DIG ने थाने में मारा छापा, ड्यूटी छोड़ शराब के नशे में सोता मिला SHO; देखें वीडियो

DIG ने थाने में मारा छापा, ड्यूटी छोड़ शराब के नशे में सोता मिला SHO; देखें वीडियो

डीआईजी अमृतसर बॉर्डर रेंज ने राजासांसी थाने के एसएचओ को सस्पेंड कर दिया है। दरअसल, अमृतसर देहात में जगह-जगह नाकेबंदी करने के आदेश दिए गए थे। जांच में थाना प्रभारी गायब मिले।

डीआईजी ने एसएचओ को ड्यूटी के दौरान सोते हुए पकड़ा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER डीआईजी ने एसएचओ को ड्यूटी के दौरान सोते हुए पकड़ा

अमृतसर देहात में डीआईजी (बॉर्डर रेंज) हरमनबीर सिंह गिल ने गुरुवार को राजासांसी पुलिस स्टेशन के एसएचओ हरजीत सिंह को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया। आरोप है कि थाना प्रभारी नाके पर ड्यूटी पर जाने की बजाय सो रहे थे। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें DIG पुलिस स्टेशन के अंदर SHO को फटकार लगाते दिख रहे हैं।

दरअसल, डीआईजी ने देर रात थाने का औचक निरीक्षण किया। डीआईजी राजासांसी इलाके में पुलिस नाकों का सरप्राइज निरीक्षण कर रहे थे, तभी SHO अपनी नाका ड्यूटी से गायब पाए गए। बाद में वह पुलिस स्टेशन के एक कमरे में सोते हुए मिले। इसके बाद डीआईजी ने तुरंत उन्हें सस्पेंड करने का आदेश दिया। 

DIG ने SHO को लगाई फटकार 

वीडियो में दिख रहा है कि एसएचओ एक कमरे में लेटा हुआ दिख रहा है, जबकि DIG को उसे पंजाबी भाषा में डांटते हुए सुना जा सकता है। डीआईजी ने एसएचओ को फटकार लगाते हुए कहा “तेरा नाका है, ते तू कित्थे है? इत्थे अग्ग लगी है ते तू सुट्टा पिया है” (“तुम नाके के लिए ज़िम्मेदार हो, तो तुम कहाँ थे? यहां संकट है और तुम सो रहे हो”)। उन्होंने तुरंत SHO को सस्पेंड करने का आदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिपार्टमेंटल कार्रवाई तुरंत शुरू की गई, और SHO को आगे की जांच तक सस्पेंड कर दिया गया।

यहां देखें वीडियो

423 अपराधियों को किया गिरफ्तार

वहीं, बुधवार को 'गैंगस्टरन ते वार' (Gangstran Te Vaar) अभियान का 169वां दिन था। इस मौके पर पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों से जुड़ी पहचानी गई और मैप की गई 705 जगहों पर छापे मारे। अभियान के 169वें दिन, पुलिस टीमों ने 423 लोगों को गिरफ्तार किया और एक हथियार बरामद किया। इन गिरफ्तारियों के साथ, अभियान शुरू होने के बाद से पकड़े गए लोगों की कुल संख्या 45,686 हो गई है। इसके अलावा 374 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने नौ घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए एक अहम पहल के तौर पर 'गैंगस्टरन ते वार' अभियान पंजाब के DGP गौरव यादव ने 20 जनवरी, 2026 को शुरू किया था। सभी जिलों की पुलिस टीमें, पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ​​के साथ मिलकर पूरे राज्य में खास ऑपरेशन चला रही हैं। 

ये भी पढ़ेंः  अमरिंदर सिंह राजा वडिंग बने रहेंगे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, भूपेश बघेल बोले- 'ये कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं'

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी रोकने पहुंचे भूपेश बघेल, मिलने नहीं आए चन्नी, विधायक खैरा बोले- पार्टी में 2-3 गुट बने