A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. किसान नेता डल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह, डॉक्टरों ने बताई हेल्थ कंडीशन

किसान नेता डल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह, डॉक्टरों ने बताई हेल्थ कंडीशन

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।

डल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह।- India TV Hindi
Image Source : PTI डल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह।

चंडीगढ़: किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की भूख हड़ताल सोमवार को 21वें दिन भी जारी रही। वहीं डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती सेहत के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी है। हालांकि, उन्होंने कोई भी उपचार लेने से इनकार कर दिया है। बता दें कि कैंसर से पीड़ित जगजीत सिंह डल्लेवाल (70) पंजाब और हरियाणा के बीच खनौरी बॉर्डर पर अनशन पर बैठे हुए हैं। वह केंद्र पर फसलों की एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित आंदोलनकारी किसानों की अन्य मांगों के लिए धरने पर बैठे हैं। 

कैसा है डल्लेवाल का स्वास्थ्य

डॉ. अवतार सिंह ने डल्लेवाल के स्वास्थ्य के बारे में बताया, "जांच रिपोर्ट के अनुसार 'क्रिएटिनिन' का स्तर बढ़ रहा है और जीएफआर (ग्लोमेरुलर फिल्ट्रेशन रेट) कम हो रहा है। 'कीटोन' भी उच्च स्तर पर हैं, जिसका मतलब है कि उनकी हालत काफी खराब है।" पेशाब में कीटोन का अधिक स्तर संकेत देता है कि शरीर ऊर्जा के लिए ग्लूकोज के बजाय वसा का इस्तेमाल कर रहा है। वहीं, क्रिएटिनिन एक अपशिष्ट पदार्थ है, जो शारीरिक गतिविधि के दौरान मांसपेशियों की कोशिकाओं के टूटने पर पैदा होता है। गुर्दे खून से क्रिएटिनिन छानकर पेशाब के रास्ते शरीर के बाहर निकालते हैं। लेकिन जब गुर्दे ठीक से काम नहीं करते, तब खून में क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ने लगता है। 

हृदय गति रुकने की आशंका

डॉ. अवतार सिंह ने आगे बताया कि डल्लेवाल ने कुछ भी नहीं खाया है और वह सिर्फ पानी पी रहे हैं। उन्होंने बताया कि डल्लेवाल इतने कमजोर हो गए हैं कि वह अपने दम पर खड़े नहीं हो पा रहे हैं और उन्हें सहारे की जरूरत पड़ती है। डॉ. अवतार सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले डल्लेवाल का ब्लड प्रेशर 80/50 के बीच दर्ज किया गया था, जो कि अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा, "डल्लेवाल की हृदय गति रुकने की आशंका है।" डॉक्टरों ने डल्लेवाल के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए प्रदर्शन स्थल पर चिकित्सा उपकरण लगाए हैं। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

प्रदर्शन कर रहे थे कांग्रेस कार्यकर्ता, अचानक मधुमक्खियों ने कर दिया हमला, कौन-किधर भागा Video में देखें

क्या खान सर भी चुनाव लड़ेंगे? खुद कर दिया बड़ा खुलासा, बीमार होने के बाद पहली बार आए सामने