1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में SIR के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी, 7.97 लाख नए नाम जुड़े, 13.60 लाख वोटरों के नाम कटे

पंजाब में SIR के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी, 7.97 लाख नए नाम जुड़े, 13.60 लाख वोटरों के नाम कटे

पंजाब में SIR के बाद सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। अंतिम सूची में कुल 2.01 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इसमें 7.97 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि 13.60 लाख नाम काटे गए हैं।

पंजाब की फाइनल वोटर लिस्ट- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पंजाब की फाइनल वोटर लिस्ट

पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां आई हैं। राज्य स्तर पर अंतिम मतदाता सूची में 7,97,263 नए मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि कुल 13,60, 316 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।

जून महीने में SIR की प्रक्रिया जब शुरू हुई थी, तब पंजाब में मतदाताओं की संख्या 2,14,61,043 थी। आज जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 2,01,00,727 है। जो योग्य मतदाता अब भी रह गए हैं वह ईसीआईनेट ऐप से ऑनलाइन या BLO के पास ऑफलाइन फॉर्म 6 भरकर अपने आपको मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, 14.05.2026 की अधिसूचना के मद्देनजर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया पंजाब में 25 जून 2026 से शुरू की गई थी। पंजाब को इस विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 के तीसरे चरण में शामिल किया गया था।  पंजाब में 9 जून 2026 तक कुल 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे।

35.49 लाख से ज्यादा मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस

नोटिस जारी किए गए 35,49,036 मतदाताओं में से 86,038 मतदाताओं को व्यापक जांच और स्पीकिंग ऑर्डर के माध्यम से अयोग्य करार दिया गया था। ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल के कुल 1,93,94,435 मतदाताओं की तुलना में अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,01,00,727 हो गई है, जो 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। अंतिम सूची के कुल 2,01,00,727 मतदाताओं में 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिला और 506 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

पोलिंग स्टेशनों की संख्या बढ़कर 25,332 हुई

मतदाताओं की पहुंच को आसान बनाने के लिए सभी जिलों में पोलिंग स्टेशनों का रैशनलाइजेशन किया गया, जिससे पोलिंग स्टेशनों की संख्या 24,453 से बढ़कर 25,332 हो गई है।

छूटे हुए मतदाता फॉर्म-6 भरकर कर सकते हैं आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपील की कि जो योग्य व्यक्ति किसी भी कारण से अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी शामिल होने से रह गए हैं या नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन या अपने संबंधित BLOs के माध्यम से फॉर्म नंबर 6 भरकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि ECI ने SIR पूरा कर चुके 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में छूटे हुए योग्य मतदाताओं और पहली बार वोट देने वाले युवाओं को वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें-

'राहुल गांधी देश में अल्ट्रा लेफ्टिस्ट माइंडसेट को प्रस्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं', कांग्रेस पर भड़के CM देवेंद्र फडणवीस

"राहुल गांधी की राजनीति हवा-हवाई", अनुराग ठाकुर बोले- देश ने नेता प्रतिपक्ष का ऐसा नाटक पहले कभी नहीं देखा