A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाबः सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां और वीडियोज भेज रहे थे तीन लोग, पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

पंजाबः सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां और वीडियोज भेज रहे थे तीन लोग, पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार भी किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर के पाकिस्तान से सटे कस्बे डेरा बाबा नानक में बीएसएफ और भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां और वीडियोज-फोटो पाकिस्तान भेजने के आरोप में तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक व्यक्ति को अरेस्ट भी कर लिया गया है। 

फरार हुए दो लोगों की तलाश जारी

जानकारी के अनुसार, दलजीत सिंह, गुरदीप सिंह और गुरजंट सिंह नाम के ये तीन लोग ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और 15 अगस्त को भी सेना और बीएसएफ मूवमेंट को लेकर अहम जानकारियां पाकिस्तानी एजेंट्स को भेज चुके थे। इन तीनों में से दलजीत सिंह को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और बाकी दो लोगों की तलाश जारी है।

ये लोग डेरा बाबा नानक के नजदीक बीएसएफ की चौकियों और अन्य डिफेंस इलाकों की जानकारियां पाकिस्तान भेज रहे थे। पकड़े गये जासूस दलजीत सिंह के फोन से कई संवेदनशील जानकारियां, फोटो और वीडियो मिले हैं और कई पाकिस्तानी एजेंट्स के नंबर भी मिले हैं।

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो पिस्तौल बरामद 

वहीं, पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक क्षेत्र से दो पिस्तौल बरामद की गयी हैं। इस बात का संदेह है कि यह पिस्तौल पाकिस्तान से एक ड्रोन के जरिये भारतीय सीमा में गिराई गई थीं। अधिकारी ने बताया कि एक ड्रोन देखे जाने के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने अमृतसर के नेस्ता गांव के पास से दो पिस्तौल और उसकी चार मैगजीन बरामद कीं। बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि पिस्तौलें पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लिपटी हुई पाई गईं, जिनमें एक धातु की अंगूठी लगी हुई थी, जिससे ड्रोन से गिराए जाने की पुष्टि होती है। 

बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया ने एक बार फिर भारतीय क्षेत्र में हथियारों की खेप पहुंचाने के पाकिस्तान स्थित आतंकी गिरोह के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।