पंजाब के मशहूर सिंगर गुलाब सिद्धू के घर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। गुलाब सिद्धू दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त हैं। गुलाब सिद्धू के घर पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह पूरी वारदात बरनाला जिले के गांव फरवाही की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने गुलाब सिद्धू के घर को निशाना बनाया और कई राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मारने की पहले मिल चुकी थीं धमकियां
फायरिंग की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सामने आए फुटेज में हमलावर घर के बाहर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गुलाब सिद्धू को सिद्धू मूसेवाला का बेहद करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि गुलाब सिद्धू को पहले भी मारने की धमकियां मिल चुकी थीं।
Image Source : Reporter Inputदिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला का करीबी दोस्त हैं गुलाब सिद्धू
फायरिंग के समय घर पर मौजूद नहीं थे गुलाब सिद्धू
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे, हालांकि उनके परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी नकाब पहने हुए थे और मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरनाला जिले के गांव फरवाही स्थित सिद्धू के घर पहुंचे। इनमें से मोटरसाइकिल चला रहा एक व्यक्ति मोबाइल फोन से वीडियो बनाता हुआ दिखाई दिया, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोगों ने घर के मुख्य गेट की ओर गोलियां चलाईं।
हमलावरों ने छह राउंड फायर किए
पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावरों ने करीब छह राउंड फायर किए। गोलियां घर के मुख्य गेट पर लगीं। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। आस-पास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों के बारे में सुराग मिल सके। पुलिस के अनुसार, पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू को पहले से ही पंजाब पुलिस की ओर से दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। बीते दिन पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान को फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने फायरिंग का वीडियो बनाया और इसे व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया।
(रिपोर्ट- प्रवीण ऋषि)
ये भी पढ़ें-
मुंबई के ट्रैफिक जाम में फंसे नितिन गडकरी, बोले- "इसके लिए मैं जिम्मेदार हूं"
आज कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी