A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. फिरोजपुर में बच्चों की लड़ाई के बाद चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, होली के दिन चली गई 2 लोगों की जान

फिरोजपुर में बच्चों की लड़ाई के बाद चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, होली के दिन चली गई 2 लोगों की जान

होली के दिन बच्चों की मामूली लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच झड़प के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चलीं, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Ferozepur firing incident, Holi clash Punjab, Ferozepur violence news- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL बच्चों की लड़ाई में चली गई 2 लोगों की जान।

फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले में बुधवार शाम दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सब होली के मौके पर बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी से शुरू हुआ, जो बाद में गोलीबारी तक पहुंच गया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि होली के दिन बच्चों के बीच छोटा-सा झगड़ा हो गया। जब दोनों पक्षों के बड़े लोग इस मामले को सुलझाने के लिए इकट्ठा हुए, तो बातचीत के दौरान बहस छिड़ गई। यह बहस जल्द ही हाथापाई और हिंसा में बदल गई। इसी दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों गुटों से एक-एक शख्स की मौत

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कड़मा गांव के निवासी 45 वर्षीय खिलारा उर्फ मुन्ना और टिब्बी कलां निवासी जज सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, खिलारा उर्फ मुन्ना के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले से 8 आपराधिक मामले दर्ज थे। खिलारा की मौत के बाद दूसरे पक्ष ने जज सिंह पर हमला बोल दिया जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही SSP भूपिंदर सिंह, एसपी डिटेक्टिव मनजीत सिंह और DSP सुखविंदर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और अस्पताल जाकर घटना का जायजा लिया।

इलाके में अभी भी है तनाव का माहौल

DSP सुखविंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'यह झगड़ा बच्चों के बीच हुई लड़ाई की वजह से शुरू हुआ था। शुरुआती जांच में यही बात सामने आ रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दोनों समूहों के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है।' बता दें कि फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि वह गहराई से घटना की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।