1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में मोमोज खाने गए 26 साल के युवक की छाती में चाकू घोपकर हत्या, 10 रुपए को लेकर हुआ था विवाद

पंजाब में मोमोज खाने गए 26 साल के युवक की छाती में चाकू घोपकर हत्या, 10 रुपए को लेकर हुआ था विवाद

पंजाब में मोमोज खाने गए 26 साल के युवक की छाती में चाकू घोपकर हत्या हो गई है। मामला महज 10 रुपए के विवाद का था, जिसने खूनी रूप ले लिया।

Punjab- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 26 साल के युवक की हत्या

फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव चक्क पक्खी में महज 10 रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथी के साथ गांव में लगी मोमोज की रेहड़ी पर मोमोज खाने गया था।इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान युवक पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान गांव चक्क पक्खी निवासी जगमीत सिंह (26) के रूप में हुई है। मृतक के पिता लक्खा सिंह ने बताया कि उनका बेटा बीती शाम गांव में मोमोज की रेहड़ी पर मोमोज खाने गया था। वहां रेहड़ी लगाने वाले लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और अपने बेटे को बचाने का प्रयास किया। 

लेकिन, उनके आरोप के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने उनके बेटे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार के अनुसार, जगमीत सिंह उनका इकलौता बेटा था और पुराने मोटरसाइकिल खरीदने-बेचने का काम करता था। वह शादीशुदा था और अपने पीछे पत्नी तथा दो बेटियों को छोड़ गया है। 

बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे जगमीत सिंह का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

मामले को लेकर पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि जगमीत सिंह अपने साथी बेअंत सिंह के साथ मोमोज खाने के लिए रेहड़ी पर गया था। वहां चंद पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके दौरान जगमीत सिंह की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मोमोज की प्लेट के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर वारदात में बदल गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच की जाएगी।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि आप नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की गोली मारकर हत्या हो गई। (रिपोर्ट- सुनील)

ये भी पढ़ें

गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहे ASI की गोलियों से भूनकर हत्या, एक महीने पहले भतीजे का भी हुआ था मर्डर