1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. क्या कांग्रेस में घरवापसी की तैयारी कर रहे हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह? हालिया रुख से अगले कदम पर तेज हुईं अटकलें

क्या कांग्रेस में घरवापसी की तैयारी कर रहे हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह? हालिया रुख से अगले कदम पर तेज हुईं अटकलें

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह के ‘दिमागी नक्सल’ बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। राहुल गांधी की हालिया तारीफ के बाद कांग्रेस में उनकी संभावित वापसी की चर्चाएं भी तेज हैं।

Amarinder Singh Congress Return, Captain Amarinder Singh- India TV Hindi
Image Source : PTI कैप्टन अमरिंदर सिंह के हालिया रुख के बाद कांग्रेस में उनकी वापसी की चर्चा तेज हो गई है।

Highlights

  • बदले सुरों के बीच कांग्रेस में कैप्टन की घर वापसी को लेकर चर्चा तेज हुई।
  • 'दिमागी नक्सल' पर कैप्टन अमरिंदर ने पीएम मोदी से शब्द की परिभाषा पूछी।
  • राहुल गांधी ने 6 अगस्त को अमरिंदर को अपना पसंदीदा नेता बताया था।

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के बदले सुरों ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या कैप्टन फिर कांग्रेस में घर वापसी की कोशिश कर रहे हैं? इसकी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सल' वाले शब्द पर उनका सवाल उठाना और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हालिया नजदीकी को माना जा रहा है। हालांकि, अमरिंदर सिंह की ओर से कांग्रेस में लौटने को लेकर कोई सीधा संकेत नहीं दिया गया है।

कैप्टन अमरिंदर ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 'दिमागी नक्सल' शब्द के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी से इसे स्पष्ट रूप से परिभाषित करने को कहा है। उन्होंने पूछा कि 'दिमागी नक्सल' से आखिर क्या मतलब है और इस श्रेणी को लोकतांत्रिक तरीके से जताई जाने वाली वैध असहमति से किस तरह अलग किया जाएगा? अमरिंदर सिंह का कहना है कि सरकार की आलोचना करना नक्सलवाद नहीं माना जा सकता। शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना भी नक्सलवाद नहीं है।

'सिर्फ विरोध करने से कोई नक्सली नहीं हो जाता'

उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर प्रदर्शन करने वाला छात्र, नौकरी की मांग करने वाला बेरोजगार युवक या सरकार की किसी नीति को चुनौती देने वाला किसान केवल विरोध करने की वजह से नक्सली नहीं बन जाता। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 'दिमागी नक्सल' कोई अलग कानूनी अपराध की श्रेणी नहीं है। इसलिए इस शब्द का इस्तेमाल हर आलोचक या शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा था, 'हेलो अंकल अमरिंदर'

कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस बयान को राहुल गांधी के हालिया बयान से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पिछले महीने राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह की खुलकर तारीफ की थी और उन्हें अपना पसंदीदा नेता बताया था। 6 अगस्त को राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह के बारे में कहा था कि उनकी कैप्टन से अच्छी बनती है। उन्होंने अमरिंदर सिंह को 'कूल' बताया और कहा कि वह सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं। राहुल ने यह भी कहा कि वह उन्हें बहुत पसंद करते हैं और आखिर में मजाकिया अंदाज में बोले थे- 'हेलो, अंकल अमरिंदर!'

अमरिंदर सिंह के बयान ने खड़े किए कई सवाल

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अमरिंदर सिंह के इस बयान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि क्या कैप्टन के तेवर बदल रहे हैं और क्या वह कांग्रेस से दोबारा नजदीकी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं? राहुल गांधी की तारीफ और अब अमरिंदर सिंह का केंद्र सरकार के एक अहम राजनीतिक नैरेटिव पर सवाल उठाना इस चर्चा को और मजबूत कर रहा है। हालांकि, फिलहाल इसे कांग्रेस में वापसी का पक्का संकेत नहीं कहा जा सकता। अमरिंदर सिंह की ओर से कांग्रेस में लौटने की कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें: राहुल के बयान पर कांग्रेस में कलह, राजा वडिंग ने कहा- 'कैप्टन अमरिंदर ने ही पंजाब का बेड़ा गर्क किया'