A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. इजरायली सेना ने गाजा पर फिर गिराई गाज, हवाई हमले में 14 फिलिस्तीनियों की मौत

इजरायली सेना ने गाजा पर फिर गिराई गाज, हवाई हमले में 14 फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा में हमले तेज होता देख सहायता समूहों ने चेतावनी दी है कि जबरन पलायन मानवीय संकट को और बढ़ाएगा। उन्होंने संघर्षविराम की मांग की है ताकि सहायता सामग्री ज़रूरतमंदों तक पहुंच सके।

गाजा पर हमले का एक दृश्य। - India TV Hindi
Image Source : AP गाजा पर हमले का एक दृश्य।

काहिरा: इजरायली सेना ने गाजा शहर पर एक और बड़ा हवाई हमला किया है। शुक्रवार रात किए गए इस हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हो गए। इज़रायल ने हमास द्वारा बंधकों की रिहाई नहीं करने से गाज़ा में अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। आईडीएफ ने गाजा में रह रहे फिलिस्तीनियों से शहर छोड़ने की अपील की है।

यूएन में फिलिस्तीन को मान्यता देने की तैयारी

यह हमले ऐसे समय पर हो रहे हैं जब कुछ पश्चिमी देश गाज़ा युद्ध से थक चुके हैं और अब फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता देने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। यह मुद्दा संयुक्त राष्ट्र महासभा में अगले हफ्ते होने वाली विश्व नेताओं की बैठक में उठ सकता है। पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए कहा कि वह रविवार को आधिकारिक रूप से फिलिस्तीन को मान्यता देगा। इससे पहले उसने अपने इरादे जताए थे, लेकिन अब तारीख तय कर दी गई है।

ये देश फिलिस्तीन को मान्यता देने का कर चुके हैं ऐलान

पुर्तगाल के अलावा ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, माल्टा, बेल्जियम और लक्ज़मबर्ग जैसे पश्चिमी देशों से भी आगामी दिनों में फिलिस्तीन को मान्यता मिलने की संभावना है। क्योंकि इनके राष्ट्राध्यक्ष पहले ही यह संकेत दे चुके हैं।

मानवीय संकट गहराया

गाजा में इस सप्ताह शुरू हुए इज़राइल के नए सैन्य अभियान से संघर्ष और गहराता जा रहा है, जिससे संभावित संघर्षविराम और दूर चला गया है। इज़रायली सेना का कहना है कि उसका उद्देश्य है, "हमास की सैन्य संरचना को नष्ट करना।" लेकिन इस अभियान की कोई समयसीमा तय नहीं की गई है, और यह महीनों तक चल सकता है। इससे गाजा में मानवीय संकट गहरा गया है।

अब तक 65 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

गाजा में पिछले 23 महीनों में इज़रायली हमलों में 65,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, गाज़ा पट्टी का बड़ा हिस्सा तबाह हो चुका है। लगभग 90% आबादी विस्थापित हो चुकी है और क्षेत्र में गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि गाज़ा सिटी अकाल जैसी स्थिति से गुजर रहा है। शिफा अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. रामी महना ने बताया कि मारे गए लोगों में से छह एक ही परिवार के सदस्य थे, जिनका घर शनिवार सुबह एक हमले में तबाह हो गया। यह परिवार अस्पताल के निदेशक डॉ. मोहम्मद अबू सलमिया का था। फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट ने बताया कि शवा स्क्वायर के पास एक अन्य हमले में पांच और लोगों की मौत हुई है। (भाषा)