1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. अमृतसर में पुलिस थाने पर ग्रेनेड फेंकने का वीडियो आया सामने, खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदारी

अमृतसर में पुलिस थाने पर ग्रेनेड फेंकने का वीडियो आया सामने, खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदारी

अमृतसर ज़िले के भिंडी सौदा पुलिस स्टेशन के बाहर धमाका होने के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हो रहा है, जिसमें खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने इस धमाके की ज़िम्मेदारी ली है।

भिंडी सौदा पर ग्रेनेड फेंकने की तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER भिंडी सौदा पर ग्रेनेड फेंकने की तस्वीर

अमृतसरः अमृतसर में पुलिस थाना भिंडी सौदा पर ग्रेनेड फेंकने का वीडियो सामने आया है। खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी ने थाने पर ग्रेनेड हमले की जिम्मेवारी ली है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें दो युवक दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि दोनों युवक हाथ में हैंड ग्रेनेड लिए हुए हैं। दोनों थाने के पीछे की दीवार पर ग्रेनेड फेंकते नजर आ रहे हैं। यह पुलिस थाना पाकिस्तान बॉर्डर से सटा हुआ है। 

सोशल मीडिया पर किया जा रहा है ये दावा

सोमवार को देर रात करीब 1:30 बजे हुए इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ। WhatsApp और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर बड़े पैमाने पर शेयर किए जा रहे इस पोस्टर में कहा गया है कि संगठन ने यह कदम 19 साल के रंजीत सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए उठाया है। रंजीत सिंह उन संदिग्धों में से एक था, जिन पर एक महीने से ज़्यादा समय पहले गुरदासपुर ज़िले में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल होने का आरोप था। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया था कि उन पुलिसकर्मियों की हत्या पाकिस्तान स्थित ISI के इशारे पर की गई थी। रंजीत एक पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जिसे उसके परिवार ने फ़र्ज़ी बताया था। 

यहां देखें वीडियो

पुलिस कर रही है मामले की जांच

अमृतसर ग्रामीण पुलिस जिले के राजसांसी इलाके में भिंडी सौदा पुलिस थाने के पास रहने वाले ग्रामीणों ने दावा किया कि उन्होंने रात में तेज आवाज सुनी, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि की सूचना नहीं है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने थाने की इमारत या थाना परिसर को कोई नुकसान नहीं होने की पुष्टि की। फोरेंसिक विशेषज्ञों समेत पुलिस की कई टीम मामले की जांच कर रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। पहले भी पंजाब में थानों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमले हो चुके हैं।  

रिपोर्ट- विशाल