A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. CCTV Video: लोहा पिघलाने वाली भट्ठी में गिरकर जिंदा जल गया मजदूर, हड्डियां तक नहीं मिलीं, शादी की तैयारी कर रहा था परिवार

CCTV Video: लोहा पिघलाने वाली भट्ठी में गिरकर जिंदा जल गया मजदूर, हड्डियां तक नहीं मिलीं, शादी की तैयारी कर रहा था परिवार

मृतक पिछले ढाई साल से फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसकी शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। इसी बीच हादसे में उसकी मौत हो गई। परिवार को हड्डियां तक नहीं मिलीं। परिजनों की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Sachin Death- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आग की भट्ठी में गिरकर सचिन की मौत

पंजाब के लुधियाना में एक मजदूर लोहा पिघलाने वाली फैक्ट्री में गिरकर जिंदा जल गया। परिजनों को अंतिम संस्कार करने के लिए उसकी हड्डियां तक नहीं मिली। मृतक के परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन लापरवाही और सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंद नहीं होने के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि मृतक कैसे दर्दनाक हादसे का शिकार हुआ।  

घटना लुधियाना के जमालपुर इलाके की है। यहां बुड्ढेडेवाल रोड स्थित वाइटल स्टील बार्स लिमिटेड फैक्टरी में 20 मार्च को एक मजदूर जिंदा जल गया। हादसा शुक्रवार की नाइट शिफ्ट के दौरान हुआ। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सचिन गौतम के रूप में हुई है, जो कि मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है। वह काम करते समय अचानक लोहे की भट्ठी में गिर गया, जिससे उसका शरीर पूरी तरह भस्म हो गया। 

परिजनों को अस्थियां तक भी नहीं मिलीं

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह काम करते-करते अचानक भट्ठी में जा गिरा। जानकारी के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम पर परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही और पुलिस-प्रबंधन की मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्हें मृतक की अस्थियां तक भी नहीं मिल पाई हैं। जानकारी के मुताबिक सचिन पिछले ढाई साल से इस फैक्ट्री में काम कर रहा था और उसकी शादी की तैयारी भी चल रही थी। हालांकि परिजनों के विरोध के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मालिक असीम अग्रवाल के खिलाफ BNS की धारा 106 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिहार और छत्तीसगढ़ में हुए हादसे

चार साल पहले बिहार की बरौनी रिफाइनरी में ब्लास्ट हुआ था। इस हादसे में पांच कर्मी और 14 संविदा श्रमिक जख्मी हो गए थे। गनीमत थी कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई थी। छह साल पहले छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। यहां एक निजी इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस में विस्फोट होने से क्रेन आपरेटर की मौत हो गई थी और एक अन्य मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया था।

(लुधियाना से तुषार भारती की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पंजाब में ओटीएस स्कीम से 111.16 करोड़ रुपये की वसूली, मान सरकार की नीतियों पर व्यापारियों ने जताया भरोसा

CM भगवंत मान बोले- 'पंजाब में कानून व्यवस्था और शासन सुधरा, इसी वजह से मिल रहे बड़े इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट'