पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पूर्व नेता रवि मोहन मंगलवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहन का 'आप' में स्वागत किया और इस मौके पर पार्टी नेता जगरूप सिंह सेखवां भी मौजूद थे। आम आदमी पार्टी ने जारी किए गए एक बयान में कहा कि मोहन शिरोमणि अकाली दल की ओर से दीनानगर और भोआ विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी रह चुके हैं और जमीनी स्तर पर राजनीति में सक्रिय रहे हैं।
शिअद नेता का आम आदमी पार्टी में स्वागत
आप के बयान के अनुसार, पंजाब में भगवंत मान सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर वह 'आप' में शामिल हुए। सेखवां ने कहा, ''मैं रवि मोहन का आम आदमी पार्टी में स्वागत करता हूं। उन्हें जमीनी स्तर की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों का व्यापक अनुभव है। मुझे विश्वास है कि उनके अनुभव और समर्थन से गुरदासपुर में पार्टी और मजबूत होगी।''
शिरोमणि अकाली दल के नेता रवि मोहन इससे पहले शिरोमणि अकाली दल में जिला परिषद सदस्य और दीनानगर व भोआ से हलका प्रभारी रह चुके हैं। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है