A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब: "फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया", 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड, मरने से पहले बनाया वीडियो

पंजाब: "फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया", 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड, मरने से पहले बनाया वीडियो

अमृतसर में एक 12वीं क्लास की छात्रा ने स्कूल फीस के दबाव के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। मौत से पहले छात्रा ने वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया।

छात्रा ने कर लिया सुसाइड- India TV Hindi
Image Source : REPORTER छात्रा ने कर लिया सुसाइड

अमृतसर में स्कूल फीस के दबाव से परेशान 12वीं की एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान 31 मई को उसकी मौत हो गई। मरने से पहले छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने कहा कि उसे फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया। इसके लिए प्रिंसिपल उसे अलग कमरे में भी लेकर गई थी। इससे वह परेशान थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया है। मृतका की पहचान 17 वर्षीय अमजोत कौर के रूप में हुई है, जो अमृतसर में 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपनी मासी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी।

वीडियो में छात्रा ने ये बातें कहीं...

छात्रा ने मरने से पहले बनाए गए वीडियो में स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाए। उसने कहा कि 11 मई को मुझे स्कूल बुलाया गया था, जहां मुझे काफी मेनटली टॉर्चर किया गया। उसे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था। वीडियो में उसने कहा कि उसकी मौजूदा हालत के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही है। उसने मामले में न्याय की मांग करते हुए कहा कि उसे इंसाफ मिलना चाहिए।

20 हजार रुपए जमा करने का दबाव बनाया

परिजनों के अनुसार, अमजोत की स्कूल फीस के करीब 20 हजार रुपए बकाया थे। उनका आरोप है कि फीस जमा करवाने के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मासी बोली- प्रिंसिपल अमजोत पर दबाव डाल रही थी। मृतका की मासी सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि स्कूल की प्रिंसिपल और क्लास टीचर फीस को लेकर बार-बार अमजोत पर दबाव डाल रही थीं। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अमजोत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालांकि इस मामले में अभी स्कूल की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

घटना के बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाना है। चौकी विजय नगर पुलिस ने परिजन के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(अमृतसर से विशाल शर्मा की रिपोर्ट)