Mohali Municipal Corporation Election Results Live: मोहाली में जारी है कांटे की टक्कर, 2 सीटों पर AAP की निर्विरोध जीत
Mohali Municipal Corporation Election Results Live: मोहाली नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना जारी है और कई वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बता दें कि मोहाली के 2 वार्डों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी निर्विरोध जीते हैं।

Mohali Municipal Corporation Election Results Live: मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए डाले गए मतों की गिनती आज 8 बजे से जिले में बनाए गए 8 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही है। जिला प्रशासन और पुलिस ने मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिला पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जाए और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना केंद्रों के आसपास आने की अनुमति न दी जाए। राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त किए जाने वाले मतगणना एजेंटों को पहचान पत्र के साथ संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतगणना से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि मोहाली में उनका ही मेयर बनेगा और यहां उनके दल की जीत के बाद बड़े स्तर पर विकास कार्य देखने को मिलेंगे। वहीं कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी पर प्रशासनिक और पुलिस मशीनरी के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि मतदान के दौरान कई अनियमितताएं हुईं। उन्होंने मतदाताओं को डराने-धमकाने और फर्जी मतदान कराने की कोशिशों का भी आरोप लगाया।
शिरोमणि अकाली दल यानी कि SAD का कहना है कि जनता ने AAP सरकार के कामकाज को नकार दिया है और उनकी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने मतदाताओं को डराने और पार्टी समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार करने का काम किया। वहीं, कांग्रेस ने मतदान की गोपनीयता भंग होने के आरोप लगाए लेकिन साथ ही नगर निगम में बहुमत मिलने का विश्वास जताया है। अब सभी प्रमुख दलों द्वारा जीत के दावे किए जाने के बीच अब सबकी नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी हैं, जहां आज उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। मोहाली नगर निगम की काउंटिंग से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:
Live updates : Mohali Municipal Corporation Election Results Live
-
May 29, 2026 4:31 PM (IST) Posted by Shakti Singh
आप के 22 उम्मीदवार जीते
मोहाली के 50 वार्ड में से 22 में आम आदमी पार्टी को जीत मिल चुकी है। कांग्रेस ने तीन वार्ड जीते हैं। शिरोमणी अकाली दल को भी तीन वार्ड में जीत मिली है। बीजेपी ने दो वार्ड जीते हैं। तीन वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं।
-
May 29, 2026 2:47 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 39 से आम आदमी पार्टी की जीत
मोहाली नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 39 से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शरणजीत कौर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 357 वोटों के अंतर से यह वार्ड अपने नाम किया। इस जीत के साथ AAP की स्थिति नगर निगम में और मजबूत हो गई है।
-
May 29, 2026 2:02 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली के वार्ड नंबर 43 से AAP उम्मीदवार जीता
मोहाली नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 43 से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार रामनदीप कौर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 560 वोटों के अंतर से यह सीट अपने नाम की। इस जीत के साथ वार्ड नंबर 43 में AAP की स्थिति और मजबूत हुई है।
-
May 29, 2026 1:54 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली के 50 वार्डों में से 14 के परिणाम सामने आए
मोहाली नगर निगम चुनाव 2026 के दोपहर 1:26 बजे तक के नतीजों के अनुसार अब तक 50 वार्डों में से 14 के परिणाम सामने आ चुके हैं। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) ने सबसे मजबूत बढ़त बनाते हुए 10 वार्डों में जीत हासिल की है। कांग्रेस (INC) ने 3 वार्डों में सफलता दर्ज की है, जबकि 1 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा है। फिलहाल शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का खाता नहीं खुला है।
-
May 29, 2026 1:29 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली में 9 सीटों पर AAP की जीत
मोहाली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार बढ़त बनाए हुए है। अब तक सामने आए रुझानों और नतीजों के अनुसार, नगर निगम के कुल 50 वार्डों में से AAP 9 वार्डों में जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं, कांग्रेस 3 वार्डों में जीत दर्ज कर चुकी है, SAD 1 वार्ड में आगे है और 1 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है।
-
May 29, 2026 12:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली में आम आदमी पार्टी का शानदार प्रदर्शन
मोहाली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना ली है। पार्टी ने वार्ड नंबर 26, 28, 29, 31, 32, 33, 34 और 36 में जीत दर्ज की है। वहीं, वार्ड नंबर 37 से कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की है, जबकि वार्ड नंबर 35 में एक निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। लगातार मिल रही जीतों के साथ मोहाली नगर निगम चुनाव में AAP का दबदबा साफ तौर पर नजर आ रहा है।
-
May 29, 2026 12:36 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली में AAP ने 2, कांग्रेस ने एक सीट जीती
मोहाली नगर निगम चुनाव के ताजा नतीजों में आम आदमी पार्टी ने 2 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 1 वार्ड में सफलता मिली है। वार्ड नंबर 32 से गुरजीत सिंह (AAP) विजयी रहे हैं। वहीं, वार्ड नंबर 26 में सतविंदर सिंह (AAP) ने जीत हासिल की। दूसरी ओर, वार्ड नंबर 37 से बलजीत कौर ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पार्टी का खाता खोला।
-
May 29, 2026 12:10 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
आम आदमी पार्टी 10 सीटों पर आगे
ताजा रुझानों के अनुसार, आम आदमी पार्टी 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस 2 सीटों पर आगे चल रही है। शिरोमणि अकाली दल 1 सीट पर बढ़त में है, जबकि भारतीय जनता पार्टी भी 1 सीट पर आगे चल रही है।
-
May 29, 2026 11:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
हर मतगणना केंद्र पर दो माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात
हर मतगणना केंद्र पर दो माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। ये सभी माइक्रो ऑब्जर्वर संबंधित जिले के जनरल ऑब्जर्वर की सीधी निगरानी में काम करेंगे, ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।
-
May 29, 2026 11:45 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 6 में मतगणना फिलहाल रोकी गई
मोहाली के वार्ड नंबर 6 में मतगणना फिलहाल रोक दी गई है। निर्दलीय उम्मीदवार मनजीत सिंह सेठी द्वारा हाई कोर्ट का रुख किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, अब इस वार्ड की वोटों की गिनती तभी दोबारा शुरू होगी, जब नियुक्त ऑब्जर्वर मतगणना केंद्र पहुंचेंगे।
-
May 29, 2026 11:36 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
आम आदमी पार्टी को 2 वार्डों में बढ़त
शुरुआती रुझानों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी 2 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि 1 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहा है। वहीं, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल फिलहाल अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाए हैं।
-
May 29, 2026 11:21 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 10 से मैदान में 6 उम्मीदवार
मोहाली के वार्ड नंबर 10 में इस बार 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से सत्यजीत कुंद्रा, कांग्रेस से कंवर बीर सिंह सिद्धू और भारतीय जनता पार्टी से सुभाष चोपड़ा चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा अर्जविंदर सिंह, गगनदीप सिंह और परमजीत सिंह कहलोन निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मुकाबले को और भी दिलचस्प बना रहे हैं।
-
May 29, 2026 11:06 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 9 में 4 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
वार्ड नंबर 9 में 4 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है जिनमें AAP की अनु गुलेरिया, INC की भूपिंदर कौर, SAD की कुलदीप कौर कांग और BJP की जसविंदर कौर शामिल हैं।
-
May 29, 2026 10:51 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 8 में तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में
मोहाली के वार्ड नंबर 8 में इस बार तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से गुरमुख सिंह सोहल प्रत्याशी हैं, जबकि कांग्रेस से रुपिंदर कौर चुनाव लड़ रही हैं। BJP की तरफ से स्नेहा धुरेजा इस मुकाबले में शामिल हैं।
-
May 29, 2026 10:45 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 7 में 4 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
मोहाली के वार्ड नंबर 7 में इस बार चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। आम आदमी पार्टी की ओर से कुलविंदरजीत कौर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कांग्रेस से तरणजीत कौर गिल मैदान में हैं। शिरोमणि अकाली दल की तरफ से इंदरप्रीत कौर प्रिंस उम्मीदवार हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से अर्पिता चुनावी दावेदारी पेश कर रही हैं।
-
May 29, 2026 10:30 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
अनुसूचित जाति के लिए 3 सीटें आरक्षित
मोहाली नगर निगम में कुल 50 वार्ड हैं। इनमें 20 वार्ड सामान्य श्रेणी के लिए हैं, जबकि 22 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए कुल 3 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से कुछ वार्ड विशेष रूप से अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए भी निर्धारित हैं। पिछड़ा वर्ग के लिए 2 सीटें आरक्षित रखी गई हैं। इस प्रकार यह आरक्षण व्यवस्था विभिन्न वर्गों और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
-
May 29, 2026 9:57 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 6 में 5 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
मोहाली के वार्ड नंबर 6 में इस बार 5 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से 49 वर्षीय डॉ. सनी सिंह अहलूवालिया उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस से 47 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 39 वर्षीय पंकज सेहदेव हैं। इनके अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं, 69 वर्षीय मनजीत सिंह सेठी और 51 वर्षीय सुखजीत कौर।
-
May 29, 2026 9:48 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 5 में हो रहा है कड़ा मुकाबला
मोहाली के वार्ड नंबर 5 में इस बार मुकाबला 4 प्रमुख उम्मीदवारों के बीच है। आम आदमी पार्टी से 54 वर्षीय अरविंदर कौर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से 48 वर्षीय सुरिंदर कौर मैदान में हैं। शिरोमणि अकाली दल की तरफ से 46 वर्षीय रमनजीत कौर अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार 50 वर्षीय रीनू बाला इस चुनावी मुकाबले को और रोचक बना रही हैं।
-
May 29, 2026 9:28 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 4 में ताल ठोक रहे 6 उम्मीदवार
मोहाली के वार्ड नंबर 4 में 6 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 67 वर्षीय हरविंदर सिंह, जो आम आदमी पार्टी (AAP) से उम्मीदवार हैं, 58 वर्षीय रघबीर सिंह, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, 76 वर्षीय प्रीतम सिंह, जो शिरोमणि अकाली दल (SAD) से चुनाव लड़ रहे हैं, और 65 वर्षीय जसविंदर सिंह, जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी हैं, शामिल हैं। इनके अलावा 71 वर्षीय धर्म सिंह और 52 वर्षीय मलकीत सिंह निर्दलीय (IND) उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं। ये सभी प्रत्याशी वार्ड नंबर 4 में मतदाताओं के बीच अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
-
May 29, 2026 9:19 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 3 में 5 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
मोहाली के वार्ड नंबर 3 में कुल 5 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 59 वर्षीय गुरमीत कौर, जो आम आदमी पार्टी (AAP) से प्रत्याशी हैं, 48 वर्षीय जसप्रीत कौर, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, और 53 वर्षीय संध्या सूद, जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार हैं, शामिल हैं। इनके अलावा 44 वर्षीय कुलदीप कौर और 36 वर्षीय मनजीत कौर ढल निर्दलीय (IND) उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। ये सभी उम्मीदवार वार्ड नंबर 3 में मतदाताओं के बीच अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
-
May 29, 2026 9:10 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 2 के प्रमुख उम्मीदवारों के नाम
मोहाली के वार्ड नंबर 2 से तीन प्रमुख उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 69 वर्षीय राजिंदर प्रसाद शर्मा, जो आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार हैं, 62 वर्षीय हरविंदर सिंह, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, और 75 वर्षीय ओमा कांत तिवारी, जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार हैं, शामिल हैं। ये तीनों प्रत्याशी अपने-अपने दलों के समर्थन के साथ वार्ड नंबर 2 में चुनावी मुकाबला कर रहे हैं।
-
May 29, 2026 8:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली में 2 उम्मीदवार निर्विरोध जीतीं
बता दें कि मोहाली में 2 उम्मीदवारों की जीत निर्विरोध हुई है। इनमें डेराबस्सी के वार्ड नंबर 19 से हरजीत कौर, लालड़ू के वार्ड नंबर 8 से जरनैल कौर ने निर्विरोध चुनाव जीता है।
-
May 29, 2026 8:50 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वार्ड नंबर 1 के उम्मीदवारों के नाम
मोहाली के वार्ड नंबर 1 से निम्नलिखित उम्मीदवार खड़े हैं:
- सिमरन कौर (AAP)
- चरणजीत कौर (कांग्रेस)
- सुरिंदर कौर (SAD)
- राजप्रीत कौर (BJP)
- अनीता देवी (निर्दलीय)
- जसवीर क Kaur (निर्दलीय)
-
May 29, 2026 8:45 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
2021 के चुनावों में क्या हुआ था?
2021 के चुनावों में कांग्रेस ने मोहाली नगर निगम चुनावों में शानदार जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 50 में से 37 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि बाकी 13 वार्डों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा किया।
-
May 29, 2026 8:32 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
AAP के लिए कड़ी परीक्षा माने जा रहे ये चुनाव
स्थानीय निकाय चुनावों को अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन्हें सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है, जो राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखना चाहती है।
-
May 29, 2026 8:03 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना शुरू
मोहाली नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस समेत सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत के दावे किए हैं।
-
May 29, 2026 7:53 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
चुनाव के दौरान कई जगह हुई थी झड़प
पंजाब नगर निकाय चुनाव के दौरान कई जगहों पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें और हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आई थीं। मतदान के दौरान कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के समर्थकों के बीच टकराव की खबरें मिली थीं। वहीं, कई मतदान केंद्रों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप भी लगाए गए।
-
May 29, 2026 7:38 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
26 मई को 8 नगर निगमों के लिए डाले गए थे वोट
26 मई को 8 नगर निगमों के 1,897 वार्डों में मतदान कराया गया था। चुनाव EVM की बजाय बैलेट पेपर के जरिए संपन्न हुए थे। इन चुनावों में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में थे। आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा 1,801 उम्मीदवार उतारे थे। इसके बाद कांग्रेस के 1,550, भाजपा के 1,316, शिरोमणि अकाली दल के 1,251 और बहुजन समाज पार्टी के 96 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इसके अलावा 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे थे।
-
May 29, 2026 7:32 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली में मतगणना के लिए 8 केंद्र बनाए गए
पूरे मोहाली में मतगणना के लिए 8 केंद्र बनाए गए हैं। मोहाली नगर निगम के लिए फेज-7 और सेक्टर-69 स्थित कम्युनिटी सेंटरों में मतगणना होगी। जीरकपुर के लिए चट्ट स्थित कम्युनिटी सेंटर, डेराबस्सी के लिए सरकारी कॉलेज, लालड़ू के लिए सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुराली के लिए कम्युनिटी हॉल, बनूड़ के लिए मार्केट कमेटी कार्यालय और नया गांव के लिए सेंचुरी पब्लिक स्कूल, करोरण में मतों की गिनती की जाएगी।
-
May 29, 2026 7:25 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
695 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला
मोहाली जिले के 7 नगर निकायों मोहाली शहर, जीरकपुर, नया गांव, डेराबस्सी, बनूड़, लालड़ू और कुराली में चुनावी दौड़ में शामिल 695 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज हो जाएगा। 26 मई को हुए चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे।
-
May 29, 2026 7:20 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
मोहाली में थोड़ी देर में शुरू होगी काउंटिंग
पंजाब में मंगलवार को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था और अब आज इसके नतीजे आएंगे। सूबे के मोहाली नगर निगम में भी काउंटिंग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।