A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में AAP विधायक रमन अरोड़ा अरेस्ट, भगवंत मान बोले- 'अपना हो या पराया, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं'

पंजाब में AAP विधायक रमन अरोड़ा अरेस्ट, भगवंत मान बोले- 'अपना हो या पराया, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं'

पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में सत्तारूढ़ आप विधायक रमन अरोड़ा के जालंधर स्थित घर पर छापेमारी की। 54 वर्षीय अरोड़ा जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

आप विधायक को गिरफ्तार कर ले जाती विजिलेंस - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आप विधायक को गिरफ्तार कर ले जाती विजिलेंस

जालंधर: पंजाब में जालंधर जिले की सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है। आज सुबह करीब 10 बजे आप विधायक के घर और दफ्तर में विजिलेंस ने छापेमारी की। करीब सात घंटे घर और दफ्तर की तलाशी लेने के बाद विजिलेंस ने रमन अरोड़ा को अरेस्ट कर लिया। 

रमन अरोड़ा पर लगे थे गंभीर आरोप

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी जालंधर में कुछ अधिकारियों के माध्यम से निर्दोष लोगों को कथित तौर पर झूठे नोटिस भेजने से संबंधित है, जिसमें अरोड़ा की भूमिका जांच के दायरे में आई है। विधायक पर आरोप है कि जालंधर नगर निगम अधिकारिओ के जरिये लोगों को झूठे नोटिस भिजवा रफा दफा करने के एवज में बड़ी रकम लेते थे।

कुछ दिन पहले रमन अरोड़ा की सारी सुरक्षा वापस ले ली थी और उसके बाद नगर निगम में तैनात एटीपी सुखदेव वशिष्ठ को विजिलेंस ने पकड़ लिया था। तभी यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि सुखदेव वशिष्ठ और रमन अरोड़ा के संबंध है और उनके यहां भी रेड हो सकती है। 

सीएम भगवंत मान बोले- 'अपना हो या पराया, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं'

विधायक रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी को लेकर चाहे अभी तक किसी भी पुलिस अधिकारी ने मीडिया से बात नहीं की लेकिन आम आदमी पार्टी पंजाब ने अपने पेज पर रमन अरोड़ा की फोटो लगा कर पंजाबी में लिखा- 'अपना हो जा बेगाना, भ्रष्टाचार किसी कीमत में नहीं बर्दाश्त'। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर हमारी नीति बिल्कुल साफ़ है…चाहे कोई अपना हो या पराया… कोई भी किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार करेगा, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई जरूर होगी।

सरकार ने हाल में ही वापस ली थी सुरक्षा

बता दें कि राज्य सरकार ने हाल ही में अरोड़ा की सुरक्षा वापस ले ली थी, जिसके बाद विधायक ने मीडिया से कहा कि उन्हें इस कदम के पीछे के कारण के बारे में जानकारी नहीं है। इससे पहले अरोड़ा के सुरक्षा कवर में कथित तौर पर 14 बंदूकधारी थे।

रिपोर्ट- परमजीत सिंह रंगपुरी