1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब उपचुनावः मतदान से 3 दिन पहले तरनतारन की SSP रवजोत कौर ग्रेवाल सस्पेंड, शिअद के आरोप के बाद EC ने लिया एक्शन

पंजाब उपचुनावः मतदान से 3 दिन पहले तरनतारन की SSP रवजोत कौर ग्रेवाल सस्पेंड, शिअद के आरोप के बाद EC ने लिया एक्शन

पंजाब के तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में मतदान से ठीक तीन दिन पहले चुनाव आयोग ने शनिवार को जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रवजोत कौर ग्रेवाल को निलंबित कर दिया।

SSP रवजोत कौर ग्रेवाल- India TV Hindi
Image Source : X@AKALI_DAL_ SSP रवजोत कौर ग्रेवाल

चंडीगढ़: पंजाब के तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में मतदान से महज तीन दिन पहले, निर्वाचन आयोग ने शनिवार को जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रवजोत कौर ग्रेवाल को निलंबित कर दिया। उन्हें सितंबर में तरनतारन का एसएसपी नियुक्त किया गया था। इस बीच, आयोग की मंज़ूरी के बाद भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी सुरेंद्र लांबा को तरनतारन का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। 

गुरप्रीत सिंह भुल्लर को मिला अतिरिक्त प्रभार

इससे पहले दिन में अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर को तत्काल प्रभाव से तरनतारन के एसएसपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। हालांकि, ग्रेवाल के निलंबन का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन एसएसपी के खिलाफ यह कार्रवाई शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के समक्ष शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई। 

आप ने साधा चुनाव आयोग पर निशाना

आम आदमी पार्टी ने एसएसपी के निलंबन पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि यह कार्रवाई बिना किसी "ठोस शिकायत" के की गई। आप नेता बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। तरनतारन उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। जून में आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

सुखबीर सिंह बादल ने लगाया था गंभीर आरोप

शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एसएसपी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रचार करने से रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करके उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवाईं। उन्होंने शनिवार को चुनाव आयोग के कदम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस बल का दुरुपयोग करके उपचुनाव को प्रभावित करने की आप की चाल नाकाम कर दी गई है। बादल ने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अपने राजनीतिक फायदे के लिए स्थानीय पुलिस का "दुरुपयोग" कर रही है।

इनपुट- भाषा