1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहने पर अमृतसर ग्रामीण के SSP सस्पेंड, सीएम मान ने दिया कड़ा मैसेज

गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहने पर अमृतसर ग्रामीण के SSP सस्पेंड, सीएम मान ने दिया कड़ा मैसेज

अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। उन पर गैंगस्टर के खिलाफ एक्शन लेने में लापरवाही का आरोप है।

मनिंदर सिंह- India TV Hindi
Image Source : ANI SSP मनिंदर सिंह। फाइल

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने गैंगस्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में कथित तौर पर विफल रहने को लेकर अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनिंदर सिंह के निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन आदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बयान में कहा कि गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा किसी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई है। 

'आप' सरकार को गैंगस्टर और अपराधियों द्वारा जबरन वसूली और गोलीबारी की घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्षी दलों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। तरनतारन उपचुनाव के प्रचार के दौरान 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य को कई गैंगस्टर के चंगुल से मुक्त करने की प्रतिबद्धता जतायी थी। साथ ही उन्हें (गैंगस्टर) एक सप्ताह के भीतर राज्य छोड़ने की चेतावनी भी दी थी। 

अमृतसर में दुकान पर गोलीबारी में शामिल दो लोग गिरफ्तार

इससे पहले पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के बाद जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। ये दोनों अमृतसर के जंडियाला गुरु में जबरन वसूली के प्रयास से जुड़ी गोलीबारी की घटना में कथित रूप से शामिल थे। पुलिस उप महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) संदीप गोयल ने बताया कि आरोपियों की पहचान पंडोरी वड़ैच निवासी रवि और अमृतसर के बटाला रोड निवासी उज्ज्वल हंस के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने छह नवंबर को जंडियाला गुरु स्थित प्रोविजनल स्टोर पर गोलीबारी की थी, ताकि जबरन वसूली के लिए मालिक को धमकाया जा सके। गोयल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े हैं और अपने विदेशी आका केशव शिवाला के निर्देशों पर काम कर रहे थे। 

डीआईजी ने बताया कि अभियान के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई, लेकिन उस पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने बताया कि गोलीबारी की घटना में शामिल एक और आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही हैं। 

इनपुट- भाषा