1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में बॉर्डर इलाकों में हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ड्रग्स के साथ 2 लोग गिरफ्तार

पंजाब में बॉर्डर इलाकों में हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ड्रग्स के साथ 2 लोग गिरफ्तार

पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से छह आधुनिक पिस्तौल, 1-1 किलो हेरोइन और अफीम, और ड्रग्स से कमाई गई संदिग्ध 10,000 रुपये की नकदी बरामद की गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इंटरनेशनल बॉर्डर के पार से ड्रोन के ज़रिए भारतीय इलाके में भेजे गए छह आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। दोनों तरनतारन ज़िले के रहने वाले हैं। इसके अलावा उनके पास से 1 किलो से ज़्यादा हेरोइन, 1 किलो से ज़्यादा अफ़ीम और कुछ ड्रग मनी भी बरामद की गई है। 

चीन और तुर्की में बनी पिस्तौल बरामद

आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के रहने वाले जोगा सिंह (45) और मनप्रीत सिंह (28) के तौर पर हुई है। बरामद की गई छह पिस्तौल में से दो .30 बोर X-Shot पिस्तौल हैं, दो चीन में बनी .30 बोर Star पिस्तौल हैं, एक तुर्की की Zigana .30 बोर पिस्तौल है और दूसरी PX Storm .30 बोर पिस्तौल है। यह एक बहुत बड़ी कामयाबी है और पूरे इंटरनेशनल कार्टेल मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। 

एक आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह हमारे एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन्स सेल द्वारा किया गया बहुत अच्छा इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन था। पुलिस ने बताया कि जोगा सिंह एक आदतन अपराधी है और उस पर हत्या, चोरी, डकैती और लूटपाट के साथ-साथ आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लुधियाना रूरल, कपूरथला, तरनतारन और अमृतसर रूरल में वारदात को अंजाम देता था। इन सभी ज़िलों में उसके ख़िलाफ़ मामले दर्ज हैं।

साल 2022 में जब वह और उसका साथी रावी नदी से एक खेप निकालने की कोशिश कर रहे थे, तो पानी के तेज़ बहाव के कारण उसका एक साथी डूब गया था। दूसरा आरोपी मनप्रीत है। वह मज़दूरी का काम करता है। वह एक युवा है जो पैसे के लालच में इसमें शामिल हुआ और पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़ा हुआ था। 

विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी

DGP गौरव यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। यह हैंडलर कथित तौर पर भारत-पाकिस्तान सीमा के पार अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में मदद करता था, ताकि उन्हें पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जा सके। इससे पहले अभी हाल में ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने गिरोह का पर्दाफ़ाश किया था और तीन आरोपियों को गिरफ़्तार भी किया था।

इनपुट- पीटीआई और एएनआई

ये भी पढ़ेंः बरनाला में हड़ताली सफाई कर्मचारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज, महिलाएं समेत कई लोग घायल