पंजाब के अमृतसर में हाल ही में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हरजीत सिंह की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ऐसे में अब एक चिट्ठी वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान की सीमा से लगे जिलो में पुलिसकर्मियों को हिदायत दी गई है कि पुलिसकर्मी घर से ड्यूटी जाते वक्त और ड्यूटी से वापस आते वक्त वर्दी न पहनें। हालांकि, अब पंजाब पुलिस ने खुद इस दावे का फैक्ट चेक किया है और इसे झूठा करार दिया है।
वायरल हो रही चिट्ठी में क्या कहा गया था?
वायरल हो रहे दावे के अनुसार, पाकिस्तान की सीमा के साथ लगे पंजाब के जिलों में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को देखते हुए IG बॉर्डर रेंज ने अमृतसर ग्रामीण, बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के SSP को चिट्ठी लिखी है जिसमें पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्या-क्या कदम उठाए जाएं उसकी हिदायत दी गई है। चिट्ठी में लिखा है कि पुलिस कर्मचारी घर से ड्यूटी पर जाते वक्त और ड्यूटी से वापस घर जाते वक्त सादा कपड़ों में ही यात्रा करें और वर्दी ना पहने।
पुलिसकर्मियों के लिए जारी की गई हिदायत वाली चिट्ठी में यह भी लिखा है कि पुलिस कर्मचारी जब निजी तौर पर सफर कर रहे हों तब उनके पास कोई भी ऐसा चिह्न या वस्तु ना हो जिससे उनकी बतौर पुलिस कर्मचारी उनकी पहचान जाहिर होती हो। साथ ही निजी यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाये। इसके साथ ही अपनी आवाजाही की रूटीन इस तरह से बनाई जाए कि किसी अनाधिकृत व्यक्ति को इसकी जानकारी नहीं मिले।
पंजाब पुलिस ने किया दावे का खंडन
फैक्ट चेक। गलत एडवाइजरी। पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर या उसके अधीन किसी भी पंजाब पुलिस कार्यालय ने पुलिसकर्मियों को ऐसा कोई निर्देश या एडवाइजरी जारी नहीं की है जिसमें कहा गया हो कि वे:
- ड्यूटी पर जाते या लौटते समय यूनिफ़ॉर्म न पहनें
- ड्यूटी पर आने-जाने के दौरान आम लोगों जैसे कपड़े पहनें
सोशल मीडिया पर फैल रहे ऐसे मैसेज फर्जी हैं और उन पर ध्यान नहीं देना चाहिए। नागरिकों और पुलिस कर्मियों को सलाह दी जाती है कि वे सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि हाल ही में पिछले हफ्ते अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एएसआई हरजीत सिंह अमृतसर के भगतवाला अनाज मंडी में तैनात थे। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि ये वारदात तड़के करीब तीन बजे हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद एएसआई को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि वह प्रदेश के तरनतारन जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हत्या के मामले में शामिल एक आरोपी मुठभेड़ में मारा गया है। वहीं एक आरोपी फरार हो गया है। हत्या के आरोपियों का पाकिस्तान से कनेक्शन निकला था।
ये भी पढ़ें- एनकाउंटर में मारा गया ASI हरजीत सिंह की हत्या का आरोपी, पाकिस्तानी कनेक्शन निकला सामने