1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब: फाजिल्का के SSP सस्पेंड, भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस के खिलाफ बड़ा एक्शन

पंजाब: फाजिल्का के SSP सस्पेंड, भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस के खिलाफ बड़ा एक्शन

पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ मान सरकार अभियान चला रही है। इसके तहत पंजाब के फाजिल्का के SSP को सस्पेंड कर दिया गया है।

 SSP of Fazilka- India TV Hindi
Image Source : FAZILKA POLICE पंजाब के फाजिल्का के SSP सस्पेंड

फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का के SSP वरिंदर सिंह बराड़ को सस्पेंड कर दिया गया है। भ्रष्टाचार के मामले में ये बड़ी कार्रवाई हुई है। दरअसल कल फाजिल्का थाने के चार पुलिस कर्मियों पर भ्रष्टाचार के मामले में एक्शन हुआ था। एक लाख की रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। 

गौरतलब है कि मान सरकार का भ्रष्टाचार पर वार लगातार जारी है। आप मंत्री हरपाल सिंह चीमा का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामले में छोटा हो या बड़ा, अपना हो या पराया, कोई भी नहीं बख्शा जाएगा।

क्या है मामला?

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को बताया था कि पंजाब के फाजिल्का में एक थानाध्यक्ष और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दरअसल मामला 17 साल के एक युवक दिलराज सिंह से जुड़ा हुआ है।

दिलराज सिंह के पिता धर्मेंद्र सिंह ने साइबर अपराध पुलिस थाना, फाजिल्का द्वारा रिश्वत मांगे जाने के सबूत के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान से शिकायत की थी। दरअसल एक शिकायत के बाद पुलिस ने दिलराज का मोबाइल फोन जब्त कर लिया था। इसके बाद युवक के परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्हें रिश्वत देने के लिए मजबूर किया गया।

इसके बाद मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, ‘‘यह मामला भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के पंजाब सरकार के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई दर्शाती है कि सरकार आम लोगों के साथ है तथा हर स्तर पर न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित कर रही है।’’ 

बता दें कि पंजाब में भगवंत मान की सरकार है और मान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए हैं। ऐसे में भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई हो रही है और भ्रष्टाचारियों के मन में सरकार और कानून का डर बढ़ रहा है। (इनपुट: भाषा से भी)