1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में भारी बारिश का रेड अलर्ट, इन जिलों में होगी मूसलाधार बरसात; बुधवार तक स्कूलों में छुट्टी

पंजाब में भारी बारिश का रेड अलर्ट, इन जिलों में होगी मूसलाधार बरसात; बुधवार तक स्कूलों में छुट्टी

पंजाब के कई जिलों में मंगलवार को भारी बारिश हो सकती है। छह जिलों में तेज बारिश का रेड अलर्ट तो 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

पंजाब में भारी बारिश का रेड अलर्ट - India TV Hindi
Image Source : PTI पंजाब में भारी बारिश का रेड अलर्ट

चंडीगढ़: पंजाब के कई जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कई जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट, फाजिल्का, बठिंडा और होशियारपुर में भारी बारिश की संभावना के चलते सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

6 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, गुरदासपुर, पठानकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में आज भारी बरसात होगी। इसके लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, रुपनगर, नवांशहर, होशियारपुर, जालंधर और कपूरथला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

सास नगर और फाजिल्का में बारिश का येलो अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने सास नगर और फाजिल्का में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। फाजिल्का प्रशासन ने लगातार बारिश के कारण बढ़ते जलस्तर के कारण सतलुज नदी के पास स्थित 20 गांवों में 26 अगस्त से 28 अगस्त तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।

इन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल

पंजाब में भारी बारिश के बीच, कई जिला प्रशासनों ने एहतियात के तौर पर शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की है। होशियारपुर में 26 और 27 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे, जबकि पठानकोट प्रशासन ने भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद 26 अगस्त को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। होशियारपुर की उपायुक्त आशिका जैन ने भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर 26 और 27 अगस्त को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।

जालंधर में कंट्रोल रूम बनाया गया

पंजाब में किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत सुनिश्चित करने के लिए जालंधर के सर्किट हाउस में एक केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम करेगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ की रोकथाम और प्रबंधन को और मज़बूत बनाना है। राज्य सरकार ने एक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर - 0181-2240064 भी जारी किया है। नियंत्रण कक्ष मुख्य रूप से तीन जिलों - कपूरथला, तरनतारन और फाजिल्का पर नजर रखेगा।