A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में RSS नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग

पंजाब में RSS नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग

पंजाब के फिरोजपुर में आरएसएस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है।

RSS नेता के बेटे की हत्या।- India TV Hindi
Image Source : X/RAVNEETBITTU RSS नेता के बेटे की हत्या।

फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर में रविवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के एक नेता के दुकानदार बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नवीन अरोड़ा (32) के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, नवीन के पिता बलदेव राज अरोड़ा पिछले कई वर्षों से आरएसएस से जुड़े हुए हैं।

घर जाते समय किया हमला

जानकारी के मुताबिक यह वारदात शनिवार को तब हुई जब नवीन अरोड़ा अपनी दुकान से डॉ. साधु चंद चौक के पास स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर वहां आए। हमलावरों ने नवीन अरोड़ा पर नजदीक से गोलियां चलाई और फिर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने नवीन को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। 

भाजपा ने साधा निशाना

इस पूरी घटना पर भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने कहा कि फिरोजपुर में आरएसएस नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की हत्या ने आम आदमी पार्टी की सरकार के राज में एक बार फिर कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। जाखड़ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गैंगस्टर प्रभावी रूप से सरकार चला रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी जिम्मेदारियां निभाने में विफल रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि आज पंजाब के लोग आतंक के माहौल में जीने को मजबूर हैं। 

एसएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा

इस बीच मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिरोजपुर (शहरी) के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर मृतक के परिवार के सदस्यों से मिलने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

दुमका में दिल दहला देने वाली वारदात, युवती को प्रेमी ने जिंदा जलाया

RSS के पथ संचलन पर मुस्लिम समाज ने बरसाए फूल, मिली 'सर तन से जुदा' की धमकी