A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में RTI एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस

पंजाब में RTI एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस

पंजाब में एक आरटीआई एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था।

RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या।- India TV Hindi
Image Source : X/SHARMA_2525 RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या।

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला में एक आरटीआई एक्टिविस्ट की गोली मार कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि उनका चचेरे भाई के साथ पैसों के लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद चचेरे भाई शरणजीत सिंह ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। डीआईजी और एसएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

रुपयों को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि जालंधर के आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की सतनामपुरा थाना क्षेत्र के माहेरू गांव के गेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक उनके चचेरे भाई ने रुपयों को लेकर चल रहे विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया। जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि सिमरनजीत के शव के पास से एक 32 बोर की पिस्तौल बरामद हुई, जबकि पास में खड़ी एक एसयूवी से 12 बोर की राइफल मिली। उन्हें सिर में करीब से गोली मारी गई थी। डीआईजी सिंगला ने बताया कि पीड़ित के चचेरे भाई (मामा के बेटे) शरणजीत सिंह उर्फ ​​ट्विंकल, जो जालंधर के तिलक नगर का रहने वाला है, को हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से एक 32 बोर की पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

चचेरे भाई ने पीछे से मारी गोली

डीआईजी ने बताया कि यह घटना रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े दो रिश्तेदारों के बीच आर्थिक विवाद के कारण हुई। दोनों शनिवार सुबह एक प्लॉट का निरीक्षण करने माहेरू गांव गए थे। सिमरनजीत अपनी एसयूवी में आया, जबकि शरणजीत अपने पांच साथियों के साथ कार में आया। यहीं पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को अपशब्द भी कहे। पुलिस के अनुसार, सिमरनजीत पर शरणजीत का लगभग 5 लाख रुपये बकाया था। जब सिमरनजीत माहेरू गांव में लॉ गेट के पास एक प्लॉट पर खड़ा था, तभी शरणजीत ने पीछे से उस पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के सिर में दो गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शरणजीत और उसके साथी मौके से फरार हो गए।

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी सिंगला, कपूरथला एसएसपी गौरव तोरा के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सिमरनजीत के शव के पास से उनके दो मोबाइल फोन बरामद किए। फिलहाल बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक सिमरनजीत सिंह पेशे से वकील हैं। वह पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में आरटीआई और जनहित याचिकाएं दायर करने के लिए जाने जाते थे। पिछले महीने उन्होंने जगत ज्योति श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की थी।

यह भी पढ़ें-

अब दिल्ली में बुलडोजर एक्शन, गिराए जा रहे करीब 300 घर, मौके पर पैरामिलिट्री फोर्सेस और दिल्ली पुलिस तैनात-VIDEO