A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाबः बहुचर्चित सरपंच मर्डर केस में शूटर सुखराज सिंह उर्फ गुंगा ठाकरपुरिया एनकाउंटर में ढेर, पुलिसकर्मी घायल

पंजाबः बहुचर्चित सरपंच मर्डर केस में शूटर सुखराज सिंह उर्फ गुंगा ठाकरपुरिया एनकाउंटर में ढेर, पुलिसकर्मी घायल

अमृतसर पुलिस को अमृतसर बाईपास पर सरपंच जरमल सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। इस केस के मेन शूटर सुखराज सिंह उर्फ गुंगा ठाकरपुरिया की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई है।

शूटर सुखराज सिंह उर्फ गुंगा ठाकरपुरिया एनकाउंटर में ढेर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER शूटर सुखराज सिंह उर्फ गुंगा ठाकरपुरिया एनकाउंटर में ढेर

अमृतसरः सरपंच जरमल सिंह मर्डर केस में पुलिस ने मेन शूटर सुखराज सिंह उर्फ गुंगा ठाकरपुरिया को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। गोलीबारी में एक सिपाही भी घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस केस में सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। 

दोनों तरफ से चली 16 राउंड गोलियां

अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जरमल सिंह की हत्या की साजिश को अंजाम देने वाले दो मेन आरोपियों और उन्हें जमीन और हथियार देने वाले पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेन आरोपी सुखराज सिंह और करमजीत सिंह को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार करके पंजाब लाया गया।

पुलिस के मुताबिक, सुखराज सिंह उर्फ गुंघा ठाकरपुरिया को हथियार बरामदगी के लिए वल्ला के पास नहर इलाके में लाया गया था। आरोपियों ने यहां एक पिस्तौल छिपाई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। इसके बाद जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी, तो दो मोटरसाइकिल सवारों ने अचानक पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। इस दौरान हमलावरों की तरफ से करीब छह गोलियां और पुलिस की तरफ से करीब दस गोलियां चलाई गईं। फायरिंग में पुलिस की गाड़ी का एक टायर भी फट गया।

इलाज के दौरान शूटर की मौत

इस हमले का मकसद मुख्य आरोपी को छुड़ाना बताया जा रहा है। हंगामे के दौरान सुखराज सिंह ने पुलिसकर्मी से झगड़ा करके उसकी सरकारी पिस्तौल छीनने की कोशिश की, जिससे गोली चल गई और सुखराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी। दोनों को घायल हालत में अमृतसर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान सुखराज सिंह उर्फ गुंघा ठाकरपुरिया की मौत हो गई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस हत्या का कारण आपसी रंजिश और इलाके की रंजिश बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है और फरार हमलावरों की तलाश के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।

रिपोर्ट- विशाल शर्मा