1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब के मोहाली में 16 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, खाली कराए गए परिसर

पंजाब के मोहाली में 16 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, खाली कराए गए परिसर

पंजाब के मोहाली में बुधवार को सोलह प्राइवेट स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद स्कूलों को खाली करा दिया गया और पुलिस ने पूरी तरह से एंटी-सैबोटेज चेकिंग की। स्कूल अधिकारियों ने पेरेंट्स को मैसेज भेजकर छुट्टी घोषित कर दी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

चंडीगढ़: पंजाब के मोहाली में 16 निजी विद्यालयों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले जिसके कारण विद्यालयों को खाली कराना पड़ा और पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ जांच की। स्कूल अधिकारियों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर छुट्टी की घोषणा की। मानव मंगल स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल और लर्निंग पाथ्स स्कूल उन विद्यालयों में शामिल हैं जिन्हें ईमेल प्राप्त हुए। स्कूल आ रहे छात्रों को वापस घर भेज दिया गया। 

जांच के लिए बुलाए गए बम निरोधक दस्ते

स्कूल अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों द्वारा अलर्ट जारी करने के बाद पुलिस ने शिक्षण संस्थानों की गहनता से जांच की। उन्होंने बताया कि धमकी भरे ईमेल मिलने वाले लक्षित स्कूल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने पत्रकारों से कहा कि 16 स्कूल को बम की धमकी वाले ईमेल मिले। उन्होंने कहा कि हमने स्कूल की जांच के लिए फतेहगढ़ साहिब और रूपनगर जिलों से और बम निरोधक दस्ते बुलवाए हैं।

16 स्कूल खाली कराए गए

एसएसपी ने कहा कि तलाशी अभियान में करीब 300 पुलिसकर्मी शामिल हैं और सभी 16 विद्यालयों को खाली करा लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच में कुछ नहीं मिला। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। 

मोहाली के विद्यालयों में बम की धमकी की यह घटना चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा में हुई ऐसी ही घटनाओं के ठीक बाद सामने आई है, जहां विद्यालयों को मिली इस तरह की धमकियां अफवाह साबित हुई थीं। 

पटियाला में भी मिली थी धमकी

इससे पहले पिछले साल दिसंबर में पटियाला के एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। पुलिस ने परिसर की गहन जांच की और बाद में यह अफवाह निकली। इससे पहले अमृतसर और जालंधर के कई स्कूलों को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकियां मिली थी, हालांकि बाद में वे भी अफवाह साबित हुईं थीं।