लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में एक कार ने कई वाहनों में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक शख्स हवा में करीब 10-15 फीट ऊपर तक उछला और फिर कई गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर जाकर गिरा। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिसके बाद घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस की टीम हादसे की वजह की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
दरअसल, लुधियाना के बहादुरके रोड पर एक तेज रफ्तार सफेद टियागो EV कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इस CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि कार ने पहले साइकिल और फिर एक बाइक सवार और फिर एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार करीब 10 से 15 फीट हवा में उछला और 3 गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। इसके बाद बेकाबू कार ने सामने से आ रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। एक ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया।
घटना में पांच लोग घायल
जानकारी के मुताबिक ये घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे के आसपास की है। इस हादसे में कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनका लुधियाना के सिविल अस्पताल में इलाज करवाया गया। टक्कर के वक़्त कार की रफ्तार बहुत ज़्यादा तेज थी। एक जतिंदर नामक राहगीर के पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आई हैं, जबकि कई को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
प्राप्त हुई जानकारी के मुताबिक कार चालक के नशे में होने का शक जताया जा रहा है, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद होगी। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर जब कार रुकी तो लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उसे पकड़वा दिया। लुधियाना के सलेम टाबरी की पुलिस अब इस हादसे के असल कारणों और चालक की स्थिति की जांच कर रही है। (इनपुट- तुषार भारती)
यह भी पढ़ें-
गोवा में विपक्ष के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दी सफाई, SIR को लेकर जानें क्या कहा