1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. स्कूल में डांट पड़ने से नाराज छात्र ने प्रिंसिपल पर किया हमला, फिर VIDEO बनाकर सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल

स्कूल में डांट पड़ने से नाराज छात्र ने प्रिंसिपल पर किया हमला, फिर VIDEO बनाकर सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल

छात्र को स्कूल के प्रिंसिपल ने अनुशासनहीनता को लेकर फटकार लगाई थी। आरोप है कि छात्र ने शरीर पर कई टैटू बनवा रखे थे, असामान्य हेयर स्टाइल रखी हुई थी और वह स्कूल में अनुशासन भी भंग करता था।

छात्र ने प्रिंसिपल पर रास्ते में किया हमला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT छात्र ने प्रिंसिपल पर रास्ते में किया हमला

पंजाब के माछीवाड़ा से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां श्री शंकर दास सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल में डांट पड़ने से नाराज होकर छुट्टी के बाद अपने ही प्रिंसिपल पर रास्ते में हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि इस पूरी घटना का वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल ने 11वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र को अनुशासनहीनता को लेकर फटकार लगाई थी। छात्र ने अपने शरीर पर कई टैटू बनवा रखे थे और उसका हेयर स्टाइल भी स्कूल के नियमों के खिलाफ असामान्य था। इसके अलावा, वह अक्सर स्कूल में अनुशासन भंग करता था।

जब प्रिंसिपल ने उसे सुधार के लिए समझाया और डांटा, तो छात्र अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उनसे बहस करने लगा। इस दौरान दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई।

रास्ते में घेरकर किया हमला

छात्र ने प्रिंसिपल की डांट को अपने अहंकार पर ले लिया और अपने मन में रख लिया। स्कूल की छुट्टी के बाद जब प्रिंसिपल अपने स्कूटर पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तो रास्ते में छात्र ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि इस घटना के दौरान वहां मौजूद एक अन्य छात्र ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उस वीडियो पर गाना लगाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिया गया।

स्कूल से कटा छात्र का नाम

घटना के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्कूल के कैंपस मैनेजर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है और संबंधित छात्र का नाम स्कूल से काट दिया गया है।

माछीवाड़ा थाना प्रभारी चरणजीत सिंह ने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले का वीडियो किसने बनाया और सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया। उन्होंने बताया कि संबंधित छात्रों के अभिभावकों को थाने बुलाया गया है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-

जन सुराज नेताओं की हिरासत पर भड़के प्रशांत किशोर, कहा- "बीजेपी के इशारे पर काम कर रही पुलिस, बांकीपुर से 200% हम जीत रहे"

VIDEO: संसद परिसर में कल्याण बनर्जी और प्रियंका गांधी के बीच मजाकिया तंज, पप्पू यादव ने भी ली चुटकी