A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड अटैक केस में लॉरेंस बिश्नोई और ISI का नाम आया सामने, दो अरेस्ट

बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड अटैक केस में लॉरेंस बिश्नोई और ISI का नाम आया सामने, दो अरेस्ट

पंजाब भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर हुए विस्फोट के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिस द्वारा जब्त किया गया ई-रिक्शा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गिरफ्तार आरोपी और पुलिस द्वारा जब्त किया गया ई-रिक्शा

जालंधरः भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर हुए विस्फोट के सिलसिले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मामले का मास्टरमाइंड ज़ीशान अख़्तर है जो कि लॉरेंस बिश्नोई का करीबी साथी है। पंजाब में धार्मिक सदभाव बिगाड़ने के लिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने साजिश रची। ग्रेनेड फेंकने वाला मुख्य अभियुक्त पुलिस की  गिरफ्त में है। अटैक में इस्तेमाल ई रिक्शा रिकवर किया गया है। पुलिस सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान बेस खालिस्तानी आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और गैंगस्टर हैप्पी पासिया के लिंक की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ का संबंध होने की संभावना की भी जांच जारी है। 

जालंधर ब्लास्ट मामले में जिस ई रिक्शा वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों रिश्तेदार हैं और उन्होंने ही इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस सूत्रो की माने तो इसके बदले इन्हें पैसों का लालच दिया गया था।

अर्पित शुक्ला ने किया ये खुलासा

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए अपराध किया गया। शुक्ला ने कहा, "यह पाकिस्तान की आईएसआई की एक बड़ी साजिश थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सहयोगी जीशान अख्तर ने साजिश रची थी। उन्होंने बताया कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल के संभावित संबंधों की भी जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में है। 

घटना में कोई नहीं हुआ था घायल

जालंधर में कालिया के आवास पर हुए विस्फोट में उनके घर की खिड़कियां, उनकी एसयूवी और आंगन में खड़ी मोटरसाइकिल टूट गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। विस्फोट के समय पूर्व कैबिनेट मंत्री और पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कालिया घर पर ही थे। वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। पिछले चार-पांच महीनों में अमृतसर और गुरदासपुर में पुलिस चौकियों को निशाना बनाकर विस्फोट की कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन यह पहली ऐसी घटना है, जब किसी प्रमुख राजनेता के घर को निशाना बनाया गया। पिछले महीने अमृतसर में एक मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ था।