1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. अमृतसर में Pak बॉर्डर से सटे इलाके में करोड़ों रुपये की हेरोइन जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर में Pak बॉर्डर से सटे इलाके में करोड़ों रुपये की हेरोइन जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर में बीएसएफ ने करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

अमृतसरः पंजाब के अमृतसर जिले के सीमावर्ती इलाके में बीएसएफ ने एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई है। बीएसएफ ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। हेरोइन की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों और पंजाब पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के कर्मियों ने छोटा फतेहवाल गांव के पास दोनों तस्करों को पकड़ा। 

ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे आरोपी

पुलिस ने बताया कि तस्करों के पास से हेरोइन के दो पैकेट जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 1. 1 किलोग्राम है। दोनों आरोपी सारंग देव गांव के निवासी हैं। पुलिस ने कहा कि दोनों ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। फिलहाल दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। 

फिरोजपुर से पिस्तौल और दो मैगजीन बरामद 

इससे पहले सोमवार को पंजाब के फिरोजपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट खेत से एक पिस्तौल और दो मैगजीन बरामद की गई थी। बीएसएफ के जवानों ने एक खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार शाम को तलाशी अभियान चलाया और फिरोजपुर के कामलेवाला गांव से सटे एक खेत से एक ग्लॉक पिस्तौल, दो मैगजीन और 35 ग्राम संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद किए। अधिकारी ने बताया कि पिस्तौल, मैगजीन और नशीले पदार्थ पीले रंग की टेप की मदद से चिपकाए गए थे।

पहले भी आ चुके हैं तस्करी के मामले

अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ की खुफिया शाखा की विश्वसनीय जानकारी और बीएसएफ जवानों की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। बता दें कि इससे पहले भी पाकिस्तान बॉर्डर से सटे इलाकों में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। बीएसएफ लगातार ड्रोन और तस्करों पर पैनी नजर बनाए हुए है। 

इनपुट- पीटीआई