पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यह उपचुनाव 24 अक्टूबर को होना है, जिसके लिए पार्टी के राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) ने रविवार को राजिंदर गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई।
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि PAC ने पंजाब विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा राज्यसभा के चुनाव के लिए राजिंदर गुप्ता को उम्मीदवार के रूप में नामित करने की घोषणा की है।
इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट
यह उपचुनाव आप नेता संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट को भरने के लिए हो रहा है। अरोड़ा ने हाल ही में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उनका राज्यसभा कार्यकाल 9 अप्रैल, 2028 को समाप्त होना था। वर्तमान में, अरोड़ा मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब कैबिनेट में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
कौन हैं राजिंदर गुप्ता?
राजिंदर गुप्ता ट्राइडेंट समूह के मानद चेयरमैन हैं। उन्होंने हाल ही में राज्य आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली देवी मंदिर सलाहकार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही उनके राज्यसभा उम्मीदवार बनने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
पंजाब की 117 सदस्यीय राज्य विधानसभा में आम आदमी पार्टी के पास भारी बहुमत है। ऐसे में, राजिंदर गुप्ता की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलें
उपचुनाव से पहले विपक्ष की ओर से यह दावा किया जा रहा था कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाएंगे। हालांकि, केजरीवाल ने जून में ही लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर अरोड़ा की जीत के बाद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया था।
गौरतलब है कि लुधियाना पश्चिम सीट पर हुए उपचुनाव में संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 10,637 मतों के अंतर से हराया था। यह उपचुनाव आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के कारण आवश्यक हो गया था। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
मॉनसून की विदाई के बाद भी बारिश का कोहराम, बिहार में आज भी बरसेगा मेघ, हिमाचल में आंधी और ओले; जानें अन्य राज्यों के हाल
पटना में कल से दौड़ेगी मेट्रो! CM नीतीश कुमार करेंगे 4.5 KM रूट का लोकार्पण, 1000 से ज्यादा यात्री कर सकेंगे सफर