1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब की दो यूनिवर्सिटी में क्यों भड़का बवाल, क्या कोई बाहरी भी साजिश में है शामिल; जानें अबतक क्या-क्या हुआ?

पंजाब की दो यूनिवर्सिटी में क्यों भड़का बवाल, क्या कोई बाहरी भी साजिश में है शामिल; जानें अबतक क्या-क्या हुआ?

पंजाब की चितकारा यूनिवर्सिटी और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन पर काबू पा लिया गया है। प्रशासन की तरफ से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और छुट्टी भी घोषित कर दी गई है। हालांकि पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है कि ऐसा क्यों हुआ।

पंजाब की दो यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पंजाब की दो यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन।

पंजाब की दो यूनिवर्सिटी (चितकारा यूनिवर्सिटी और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी) में बीते दिनों भारी हंगामा और बवाल देखने को मिला। हालांकि दोनों ही यूनिवर्सिटी में हालात अब काबू में हैं। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि इसमें असामाजिक तत्व भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में इस एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है कि दोनों यूनिवर्सिटी में साजिश के तहत हिंसा भड़काई गई। 

चितकारा यूनिवर्सिटी में क्यों हुआ बवाल?

दरअसल, पंजाब की चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों ने दो दिन पहले जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने दो लड़कियों के लापता होने की अफवाह के बाद यह प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान यूनिवर्सिटी में जमकर तोड़फोड़ भी की गई। बवाल बढ़ने के बाद अधिकारियों ने यूनिवर्सिटी का दौरा किया और छात्रों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में कहा कि चितकारा यूनिवर्सिटी में कुछ छात्र दो लड़कियों के लापता होने की बात कह रहे हैं। फिलहाल किसी भी छात्र को यह जानकारी नहीं है कि कथित तौर पर कौन-सी दो लड़कियां लापता हैं। किसी छात्रा का नाम या पहचान भी सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया यह बात एक अफवाह के तौर पर सामने आई है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। यदि कोई छात्रा वास्तव में लापता पाई जाती है, तो उसकी भी पूरी जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में क्यों भड़के छात्र?

इस घटना के बाद अब फगवाड़ा स्थित में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में भी प्रदर्शन का मामला सामने आया है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा एक छात्रा से दुष्कर्म किए गया, जिसके बाद यह बवाल बढ़ गया। छात्रों ने शनिवार देर रात परिसर में तोड़फोड़ की और NH-44 को भी बाधित कर दिया। इस दौरान गुस्साए छात्रों ने कई गाड़ियों में आग भी लगा दी, जिसमें कई पुलिस के वाहन भी शामिल थे। रविवार देर रात यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। छात्रों के हमले में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना के दावों को अफवाह बताया। LPU के डीन सौरव लखनपाल ने कहा कि जब हमने मामले की गहराई से जांच की, तो हमें लगा कि यह पूरी तरह से अफवाहों पर आधारित है। 

DGP ने खुद किया यूनिवर्सिटी का दौरा

इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन किया गया है, जो इसकी जांच कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर खुद पंजाब के DGP गौरव यादव ने LPU का दौरा किया। डीजीपी ने कहा, "उकसावे के बाद कुछ तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की और पुलिस वाहन पर पथराव किया। हिंसा में शामिल सभी तत्वों का CCTV फुटेज के माध्यम से वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से विश्लेषण किया जा रहा है। कानून अपने हाथ में लेने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।" दूसरी तरफ छात्रों के हिंसक विरोध के बाद LPU ने 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लास सस्पेंड कर दी है। डीन ने कहा कि यह पूरी स्थिति अफवाहों से भड़की है। छात्रों को वास्तव में यह समझने की जरूरत है। इसमें असामाजिक तत्व शामिल हैं। हमें उनकी तरफ से किसी साजिश का पक्का शक है।

दोनों प्रदर्शनों पर कैसे पाया गया काबू

चितकारा यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन की घटना के बाद स्थानीय एसएचओ गुरसेवक सिंह, डीएसपी बनूड़ और यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की तथा उनकी शिकायतें भी लीं। पुलिस ने छात्रों से शिकायत ली और जांच का आश्वासन दिया। डीएसपी सुखदेव सिंह ने कहा कि किसी को डरने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। पुलिस मौके पर मौजूद है और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की जो भी शिकायत है, उस पर जांच की जाएगी और अगर किसी तरह का कुछ गलत हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी तरफ लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में प्रदर्शन के बाद रात करीब 1.30 बजे DIG जालंधर रेंज नवीन सिंगला, SSP कपूरथला गौरव टूरा, SSP होशियारपुर, SSP जालंधर रूरल और सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभाला और छात्रों के साथ बातचीत और बातचीत शुरू की। पुलिस ने एक पुल के रूप में काम करते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन और छात्रों के बीच बातचीत को आसान बनाया। बातचीत के माध्यम से शिकायतों को सुलझाने के प्रयास किए गए। घटना के संबंध में FIR दर्ज की गई, एक उच्च-स्तरीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और विस्तृत जांच का आश्वासन दिया गया। इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 

विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

दरअसल, पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में सुखबीर बादल ने सीधे-सीधे सीएम मान को टारगेट किया। उन्होंने कहा मान पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने में फेल हैं। सिचुएशन को टाइम से कंट्रोल नहीं किया गया और मामला अब स्टूडेंट्स पर डाला जा रहा है। छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज की बादल ने निंदा की है। दूसरी तरफ बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू ने भी LPU में जो भी कुछ हुआ उसे पंजाब के असल मुद्दे से ध्यान भटकाने की साजिश करार दिया है। बिट्टू ने लिखा कि बीजेपी के ड्रग फ्री पंजाब कैंपेन को लोगों का बहुत समर्थन मिल रहा है, ऐसे में ध्यान भटकाने के लिए LPU में जो कुछ हुआ वो साजिश के तहत हुआ है।

यह भी पढ़ें-

उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव की घटना, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; शहरभर में अलर्ट