1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. लुधियाना में फैक्ट्री जा रहे युवक को बदमाशों ने महज 50 सेकेंड में लूट लिया; CCTV में वारदात कैद

लुधियाना में फैक्ट्री जा रहे युवक को बदमाशों ने महज 50 सेकेंड में लूट लिया; CCTV में वारदात कैद

पंजाब के लुधियाना में लूटपाट का हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। CCTV में दिख रहा है कि एक युवक काम करने फैक्ट्री जा रहा है। बाइक सवार तीन बदमाश उसे घेर लिए और कुछ सेकेंड में जेब से मोबाइल निकालकर फरार हो गए।

युवक से लूटपाट करते बदमाश- India TV Hindi
Image Source : REPORTER युवक से लूटपाट करते बदमाश

लुधियाना शहर अब दिन-ब-दिन असुरक्षित होता जा रहा है। दिन हो या फिर रात लुटेरों ने आम आदमी की नाक में दम कर रखा है। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। लुधियाना के बस्ती जोधेवाल थाना क्षेत्र के शक्ति नगर इलाके में सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने फैक्ट्री जा रहे एक युवक को लूट लिया। जानकारी के मुताबिक वारदात 26 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 5 बजे के आसपास दादा मोटर्स के पास गली नंबर 3 के बाहर हुई।

इस घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। CCTV में दिख रहा है कि एक युवक काम करने फैक्ट्री जा रहा है। बाइक सवार तीन बदमाश उसे घेर लिए और कुछ सेकेंड में जेब से मोबाइल निकालकर फरार हो गए। बदमाशों ने लूटपाट की वारदात एक मिनट से भी कम समय में की। युवक को लूटने में बदमाशों को सिर्फ 50 सेकेंड लगे। 

 CCTV में पूरी वारदात कैद

जानकारी के मुताबिक, दो युवक शक्ति नगर की गली नंबर 4 स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनकी तरफ आए। उन्हें देखकर दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने एक युवक को पकड़ लिया। CCTV फुटेज में भी साफ़ दिख रहा है कि दो बदमाश पीछे से दौड़कर युवक को पकड़ते हैं, उसे नीचे गिराकर उसकी तलाशी लेते हैं। उनका तीसरा साथी बाइक घुमाकर वापस उनके पास पहुंचता है। दोनों बदमाश युवक की जेब से मोबाइल फोन निकाल लेते हैं और तीनों बदमाश किसी अन्य व्यक्ति को अपनी तरफ़ आता देख वहां से तुरंत बाइक पर सवार होकर फरार हो जाते हैं। 

यहां देखें वीडियो

पुलिस कर रही मामले की जांच

इसी बीच पीड़ित युवक के हाथ में लुटेरों का एक तेजधार हथियार भी आ जाता है। मगर वो उससे अपनी रक्षा करने में असमर्थ सा दिखता है। वारदात के बाद इलाके के लोगों और सुबह काम पर जाने वाले मजदूरों में दहशत का माहौल है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और मामले की जांच करने में जुट गई है। इससे पहले अभी हाल में ही लुधियाना के पॉश इलाके में झपटमारी की एक वारदात सामने आई थी। यहां परिवार के साथ चाप खाने पहुंचे एक कारोबारी के गले से अज्ञात युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गया था।

रिपोर्ट- तुषार भारती, लुधियाना

ये भी पढ़ेंः अमृतसर में AAP सरपंच के बेटे को गोलियों से भूना, मौके पर ही मौत; दोस्त के साथ गुरुद्वारे माथा टेकने आया था