1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पटियाला में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, संगरूर में मिला शव; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पटियाला में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, संगरूर में मिला शव; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पटियाला में 27 वर्षीय नवाब खान का अपहरण कर हत्या कर दी गई। डकाला गांव निवासी नवाब खान मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी पटियाला-संगरूर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास काली महिंद्रा स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी से उतरे लोगों ने उन पर हमला किया और जबरन अगवा कर लिया।

patiala- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT स्कॉर्पियों में युवक का अपहरण कर ले जाते बदमाश

पटियाला: पंजाब के पटियाला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। शुक्रवार को हुई यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पटियाला जिले के डकाला गांव निवासी 27 वर्षीय नवाब खान मोटरसाइकिल से जा रहे थे। पटियाला-संगरूर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास एक काली महिंद्रा स्कॉर्पियो ने गलत लेन से आकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो से उतरे कई लोगों ने युवक पर हमला किया और उसे जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। अपहरण की पूरी वारदात घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस को बाद में युवक का शव संगरूर जिले में मिला। शुरुआती जांच में उसके शरीर पर तेजधार हथियार से कई घाव पाए गए हैं।

स्कॉर्पियो से बाइक को मारी टक्कर, फिर किया अपहरण

मृतक की पहचान पटियाला जिले के डकाला गांव निवासी नवाब खान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक नवाब खान शुक्रवार दोपहर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान पटियाला-संगरूर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास गलत लेन से आई काली महिंद्रा स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आता है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो से कई लोग बाहर निकलते हैं। वे नवाब खान पर हमला करते हैं और उन्हें जबरन खींचकर गाड़ी में डाल लेते हैं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गाड़ी की खिड़की से लटकता दिखा युवक

अपहरण के बाद जब स्कॉर्पियो संगरुर की ओर जा रही थी तभी एक राहगीर ने इसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो में नवाब खान गाड़ी की खिड़की से आधे बाहर लटकते हुए दिखाई दे रहे थे। स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से संगरूर की ओर जा रही थी। इस दृश्य ने घटना की गंभीरता को उजागर किया है। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बाद में संगरूर जिले के भवानीगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत काला झाड़ के पास युवक का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में शरीर पर तेजधार हथियार से किए गए कई घाव मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब अपहरण और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

व्यक्तिगत रंजिश की आशंका, दो संदिग्धों की पहचान

इस मामले में पसियाना पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है। अधिकारियों ने इस मामले में दो संदिग्धों की पहचान कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और सामने आए वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। बता दें कि नवाब खान के परिवार में पत्नी और एक साल की बेटी है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। 

रिपोर्ट-शिव भगत, पटियाला

ये भी पढ़ें:
पहले पीछा किया, फिर झपटी 3 तोले की चेन, एक्टिवा समेत सड़क पर गिरी महिला... CCTV में कैद लुधियाना की पूरी वारदात