1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. इस राज्य में एक साथ सस्पेंड हुए 12 पुलिस अधिकारी, सीएम को जान से मारने की मिली थी धमकी, गृह विभाग ने की कार्रवाई

इस राज्य में एक साथ सस्पेंड हुए 12 पुलिस अधिकारी, सीएम को जान से मारने की मिली थी धमकी, गृह विभाग ने की कार्रवाई

एक साथ दर्जनभर पुलिस अधिकारियों को संस्पेंड करने का फैसला गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव ने लिया है। सीएम को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO सांकेतिक तस्वीर

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरी है। सीएम को धमकी दिए जाने पर 12 पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस होम) ने इस मामले को लेकर बैठक भी की है।

फोन कर जान से मारने की मिली धमकी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को शुक्रवार को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। बीकानेर के जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि आरोपी आदिल ने शुक्रवार सुबह मोबाइल फोन से बीकानेर पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन करके यह धमकी दी थी। 

आदिल नाम का व्यक्ति हिरासत में

उन्होंने कहा कि आरोपी ने मुख्यमंत्री को जान से मारने की बात कही। अधिकारी कहा कि मामले की जांच करते हुए पुलिस बीकानेर जेल पहुंची और तलाशी शुरू की। आदिल नाम के एक व्यक्ति को इस मामले में हिरासत में लिया गया है। 

नशे का आदी है आरोपी आदिल

उन्होंने कहा कि आदिल ने फोन कॉल क्यों की और उसके पास मोबाइल कैसे आया? इसकी जांच की जा रही है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने कहा कि आदिल नशे का आदी है और उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। वह पहले भी अपने हाथों की नसें काट चुका है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को हाल ही में एक अन्य स्थान से बीकानेर जेल में स्थानांतरित किया गया था। वह पाली जिले का रहने वाला है। 

Image Source : File Photo सीएम भजनलाल शर्मा

सीएम को चौथी बार मिली धमकी

बता दें कि बीते 14 महीने में यह चौथी बार है, जब मुख्यमंत्री को इस तरह की धमकी मिली है। उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा को भी दो दिन पहले जयपुर सेंट्रल जेल से जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने गुरुवार को तीन लोगों को हिरासत में लिया था।