1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सात गाड़ियों में भरकर आए बदमाश, रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर की हत्या; दो गाड़ियों में लगाई आग

सात गाड़ियों में भरकर आए बदमाश, रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर की हत्या; दो गाड़ियों में लगाई आग

चित्तौड़गढ़ में बदमाशों ने होटल में घुसकर रिटायर्ड एएसआई के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि सात गाड़ियों में भरकर 25 बदमाश होटल पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों ने होटल में घुसकर की हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE बदमाशों ने होटल में घुसकर की हत्या।

चित्तौड़गढ़: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में बदमाशों की दबंगई का नया मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड एएसआई के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने होटल में घुसकर रिटार्यड एएसआई के बेटे की हत्या की है। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड की वजह पुराना विवाद भी हो सकता है। बताया जा रहा है कि करीब सात गाड़ी में सवार होकर कुल 25 बदमाश होटल पहुंचे थे। उन्होंने होटल में जमकर तांडव मचाया और फिर बाहर आते समय वहां मौजूद दो गाड़ियों में आग भी लगा दी। 

होटल में घुसते ही शुरू कर दी फायरिंग

पूरा मामला रविवार रात को कोतवाली थाना क्षेत्र के सेमलपुरा चौराहे के पास का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि निम्बाहेड़ा का रहने वाला शख्स अजयराज सिंह झाला अपने तीन दोस्तों के साथ होटल में खाना खा रहा था। इसी दौरान सात गाड़ियों में सवार होकर करीब 25 की संख्या में बदमाश होटल पहुंच गए। उन्होंने होटल को घर लिया, जिनमें से कुछ ने चेहरे पर नकाब भी लगाया हुआ था। होटल पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग भी शुरू कर दी। इस फायरिंग में अजयराज को गोली लग गई और वह जमीन पर गिर गया।  

घसीटकर पहली मंजिल से फेंका नीचे

इसके बाद बदमाशों ने अजयराय को घसीटा और फिर होटल की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने होटल से बाहर निकलते समय वहां खड़े दो वाहनों में आग लगा दी। इस घटना के बाद अजयराज के दोस्त उसे आनन-फानन में लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि होटल में गोलीबारी करने वाले दो बदमाशों की पहचान की गई है। इनमं से एक कुख्यात अपराधी भैरूलाल गुर्जर और दूसरा डिग्गी राज सिंह है। (इनपुट- पीटीआई)