जयपुर: झुंझुनूं-चूरू जिले की सीमा पर पिलानी के नजदीक थिरपाली गांव के पास गुरुवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, डंपर और बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इसमें तीन लोगों की जलकर मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हमीरवास पुलिस थाना क्षेत्र में पिलानी-सादुलपुर सड़क पर हुआ।
हादसा इतना भयानक था कि में बोलेरो में सवार कुछ लोग जिंदा जल गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत पिलानी के बिरला सार्वजनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बोलेरो में सवार लोग नोहर-भादरा क्षेत्र से पिलानी शादी में शामिल होने आ रहे थे, तभी थिरपाली टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया।
शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार
स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) राय सिंह सुथार ने बताया कि कुछ लोग पिलानी में एक शादी में शामिल होने के बाद चूरू में रजिस्टर्ड एक बोलेरो गाड़ी से लौट रहे थे, तभी बोलेरो डंपर ट्रक से टकरा गई और उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गाड़ियों से बाहर निकाला गया और पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
सुथार ने बताया कि इस हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए गाड़ियों का रास्ता बदलना पड़ा। IPS अधिकारी अभिजीत पाटिल ने बताया कि मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि आग में उनके शव बुरी तरह जल गए हैं। उन्होंने कहा कि पहचान केवल DNA टेस्ट के ज़रिए ही हो पाएगी, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। यह हादसा इतना भयावह है कि इसकी खबर सुनकर लोगों की रूह कांप गई। मृतकों के शव चूरू जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए है। अभी शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
रिपोर्ट- अमित शर्मा