जयपुर: राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार को 2 अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतकों में जोधपुर में स्थित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के 3 विद्यार्थी भी शामिल हैं। हादसों के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सुरपालिया थाना क्षेत्र में लालदासजी महाराज धाम के पास छात्रों को लेकर जा रही एक स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। उसने बताया कि हादसे में बस में सवार 3 विद्यार्थियों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए।
पटियाला से लौट रहे थे छात्र
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस पलट गई। जायल के क्षेत्राधिकारी खेमाराम ने बताया कि छात्र पंजाब के पटियाला शहर से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायल छात्रों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जिनमें से 4 को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कई अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है। मृतकों की पहचान दिल्ली की रहने वाली आरुषि गुप्ता, चेन्नई निवासी हर्षित वशिष्ठ और कोलकाता के रहने वाले आरव मिड्ढा के रूप में हुई है।
हादसे के वक्त सो रहे थे कई छात्र
खेमाराम ने बताया कि बस जोधपुर जा रही थी और सुबह करीब 05:30 बजे जब यह दुर्घटना हुई, तब कई छात्र इसमें सो रहे थे। एक घायल छात्र ने हादसे के बारे में बताया कि छात्रों का ग्रुप पटियाला में एक खेल कार्यक्रम में भाग लेने गया था। वहीं, नागौर के ही सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाराणी के पास एक अन्य दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, एक कार के पलटने से 4 रिश्तेदारों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। सदर के थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान रेवंतराम, सुशील, महेंद्र और मेहराराम के रूप में हुई है।