A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Amul कंपनी के नाम पर एक फर्म कर रही थी गोरखधंधा, 30 हजार किलो एक्सपायर माल जब्त, तारीख मिटाकर बेचने की तैयारी थी

Amul कंपनी के नाम पर एक फर्म कर रही थी गोरखधंधा, 30 हजार किलो एक्सपायर माल जब्त, तारीख मिटाकर बेचने की तैयारी थी

अमूल कंपनी के नाम पर एक फर्म गोरखधंधा कर रही थी और उसके पास से 30 हजार किलो एक्सपायर माल जब्त किया गया है। वह इसे बेचने की तैयारी में थी।

Amul- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 30 हजार किलो एक्सपायर माल जब्त

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फर्म Amul कंपनी के नाम पर गोरखधंधा कर रही थी। इस फर्म से अमूल कंपनी का 30 हजार किलो एक्सपायर माल जब्त किया गया है, जिसे तारीख मिटाकर बेचने की तैयारी चल रही थी। हालांकि फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर छापा मारकर फर्म को अपने नापाक इरादे में कामयाब नहीं होने दिया। 

अमूल कंपनी का जो एक्सपायर माल बरामद हुआ है, उसमें कई नॉन डेयरी फूड प्रोडक्ट, नूडल्स, केचअप, म्योनीज, एनर्जी ड्रिंक शामिल है। इनके करीब 3000 कार्टून एक्सपायर मिले, जिनमें से 1000 कार्टून में तारीख मिटा दी गई थी।
पकड़े गए एक्सपायर माल की कीमत 6 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

फर्म मालिक गगन आहूजा ने कबूल किया गुनाह

मौके पर फर्म का मालिक गगन आहूजा इन पैकेटों से थिनर, एसीटोन आदि केमिकल से डेट मिटाकर नई डेट प्रिंट करके बेचने की तैयारी में था। फर्म का फूड लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका था। गगन आहूजा ने बताया कि कंपनी ने एक्सपायर माल लेने से मना कर दिया तो यूट्यूब पर डेट बदलकर माल बेचने का तरीका सीखा।

फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर एक्सपायर माल को सीज कर दिया है, जिसे नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाया गया है। टीम ने मौके से नूडल्स, टोमेटो केचअप और सॉस के नमूने लिए हैं।

कैसे खुली पोल?

दरअसल 181 पोर्टल पर शिकायत मिली थी कि फर्म में कुछ गड़बड़ चल रही है, जिसके बाद मौके पर फूड सेफ्टी टीम को भेजा गया था। जिसके बाद सी एंड एफ गोदाम में मैसर्स कायरा डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनियन, गुजरात द्वारा उत्पादित अमूल ब्रांड के अनेक प्रोडक्ट के कार्टून एक्सपायर डेट के मिले, जिनमें कई की डेट मिटा दी गई थी। 

इस मामले के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है कि आखिर कोई शख्स लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने के बारे में कैसे सोच सकता है। सोचिए अगर ये एक्सपायर माल जनता के बीच पहुंचता तो लोगों की सेहत पर क्या असर पड़ता। इसके गंभीर नुकसान भी हो सकते थे।