नई दिल्ली: राजस्थान के अजमेर जिले में वकील जबरदस्त हंगामा करते हुए शहर की दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद करवा रहे हैं। दरअसल, जिले में पिछले दिनों एक वकील की हत्या हो गई थी, इसी के विरोध में सैकड़ों वकील सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने हत्या के विरोध में अजमेर-पुष्कर बंद का भी ऐलान किया है। कई ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें वकील दुकानों को जबरन बंद करवाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वकीलों ने दुकानों और होटल वगैरह में तोड़फोड़ भी की है। बता दें कि वकीलों ने शुक्रवार को भी अपने गुस्से का इजहार किया था।
वकीलों ने दुकानदारों को दी चेतावनी
बता दें कि अजमेर की सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में उतरे वकीलों ने दुकानदारों को बंद में सहयोग करने या अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। वकीलों ने ऐलान किया है कि आज सभी दुकानदार अपनी दुकानों को बंद रखें वरना कोई घटना घटित होती है तो उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। बता दें कि पुष्कर में एक अधिवक्ता की हत्या के विरोध में अजमेर में शुक्रवार को भी वकीलों ने प्रदर्शन किया था और अदालत में हंगामा किया था। आक्रोशित वकीलों ने अजमेर की अदालत परिसर से लोगों और पुलिसकर्मियों को जबरन बाहर निकाल दिया था। उन्होंने अदालत परिसर के अंदर की दुकानें भी बंद करा दी थीं।
वकीलों ने प्रशासन से की है ये मांगें
अजमेर बार एसोसिएशन ने वकील के पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुआवजा और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एडवोकेट योगेंद्र ओझा ने बताया, ‘पुलिस अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक विरोध जारी रहेगा।’ वहीं, पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी ने बताया, 'इस मामले में पहले हत्या के प्रयास और हमले का मामला दर्ज किया गया था। अब वकील की मौत के बाद मामले को हत्या की धारा में तब्दील कर दिया गया है। 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 3 वाहन (जीप, डीजे, पिकअप) जब्त किए गए हैं।'
वकील को लाठियों से पीटा गया था
बता दें कि पुष्कर में 2 मार्च को अजमेर अदालत के वरिष्ठ वकील पुरुषोत्तम जाखोटिया पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। घायल वकील को अजमेर के JLN अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार घटना 2 मार्च को बूढ़ा पुष्कर रोड पर हुई। शराब की दुकान के पास 8-10 युवक एक कार में तेज आवाज में डीजे बजाकर सड़क पर डांस कर रहे थे। पड़ोस में रहने वाले वकील पुरुषोत्तम जाखेटिया ने इसका विरोध किया था और डीजे बंद करने को कहा था। इस पर बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा था।