1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. यूक्रेन में भरतपुर के कारोबारी की फार्मा फैक्ट्री पर रूसी ड्रोन अटैक, इंजीनियर की मौत; 400 करोड़ का नुकसान

यूक्रेन में भरतपुर के कारोबारी की फार्मा फैक्ट्री पर रूसी ड्रोन अटैक, इंजीनियर की मौत; 400 करोड़ का नुकसान

रूसी सेना ने यूक्रेन के सूमी शहर में जिस फार्मा फैक्ट्री को निशाना बनाकर ड्रोन अटैक किया वह भरतपुर के रहनेवाले राजीव गुप्ता की फैक्ट्री थी। इस हमले में एक इंजीनियर की मौत हो गई जबकि कई वर्कर घायल हो गए।

Drone attack- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT फार्मा फैक्ट्री पर हमले के बाद का वीडियो

भरतपुर: यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध के बीच राजस्थान के भरतपुर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रूसी सेना ने यूक्रेन के सूमी शहर में भरतपुर के मूल निवासी राजीव गुप्ता की दवा फैक्ट्री पर ड्रोन से हमला कर दिया। इस हमले में फैक्ट्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और एक इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं।

कई सालों से यूक्रेन में चला रहे फार्मा का कारोबार

57 वर्षीय राजीव गुप्ता भरतपुर शहर के रहने वाले हैं और पिछले कई सालों से यूक्रेन में फार्मा कारोबार कर रहे हैं। उनकी कंपनी का नाम कुसुम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड है। राजीव के चचेरे भाई राजकुमार गुप्ता ने बताया कि 4 अक्टूबर की सुबह फार्मा फैक्ट्री पर हमला हुआ। उस वक्त राजीव गुप्ता राजधानी कीव में थे, इसलिए वे हमले में बच गए। वे सुरक्षित हैं।

2009 में सूमी में फैक्ट्री की स्थापना की

जानकारी के मुताबिक राजीव गुप्ता ने पहले भारत से यूक्रेन में दवाओं का आयात शुरू किया था। इसके बाद 2009 में उन्होंने सूमी में खुद की दवा बनाने की फैक्ट्री स्थापित की। उनकी कंपनी 50 से अधिक तरह की जेनेरिक दवाएं बनाती है। कंपनी का नेटवर्क यूक्रेन के साथ-साथ उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, फिलीपींस समेत 9 से ज्यादा देशों तक फैला है। भारत में भी उनकी दो यूनिट हैं, एक भिवाड़ी राजस्थान में और दूसरी इंदौर के पीथमपुर में है।

हमले में फैक्ट्री की मुख्य बिल्डिंग तबाह

रूस के हमले में फैक्ट्री की मुख्य बिल्डिंग पूरी तरह नष्ट हो गई है। कंपनी को करीब 400 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। यह फैक्ट्री रूस बॉर्डर से महज 23 किलोमीटर की दूरी पर है। गनीमत रही कि रविवार होने के कारण फैक्ट्री में स्टाफ कम था, नहीं तो जान-माल का नुकसान और बड़ा हो सकता था।

रूस और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भी यह फैक्ट्री लगातार दवा का उत्पादन कर रही थी, लेकिन अब ड्रोन हमले के बाद इसका संचालन ठप हो गया है। हमले के बाद घटना के बाद इलाके में धुएं के गुबार देखे गए।

जेलेंस्की ने मृतक के प्रति जताई संवेदना

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, '' आज सुबह रूसियों ने एक बार फिर कीव में पिवनिचनी पुल को ड्रोन से निशाना बनाया। उन्होंने सूमी में एक फार्मास्यूटिकल गोदाम पर ड्रोन से हमला किया। दुखद रूप से, इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मैं उसके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।'' रविवार को विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने कहा था कि भारत ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए केवल कूटनीतिक प्रयासों तक सीमित रहने के बजाय हाल के महीनों में अपनी कोशिशें तेज की हैं और कीव तथा मॉस्को दोनों के साथ बातचीत की है। 

ये भी पढ़ें:
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर Flydubai में हमले के पीछे किसका हाथ? डोनाल्ड ट्रंप ने लिया इस देश का नाम