1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'जिंदगी से हार गया... ले रहा हूं जल समाधि', नदी में कूदने से पहले युवक ने बनाया VIDEO, 8 दिन बाद तैरता मिला शव

'जिंदगी से हार गया... ले रहा हूं जल समाधि', नदी में कूदने से पहले युवक ने बनाया VIDEO, 8 दिन बाद तैरता मिला शव

मृतक का शव 8 दिन बाद मिला है। मृतक की पहचान दुर्गेश कुमार बैरवा के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतक ने लव मैरिज कर रखी हुई थी। आत्महत्या करने से पहले युवक का वीडियो भी सामने आया है।

नदी में कूदने से पहले बनाया वीडियो- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नदी में कूदने से पहले बनाया वीडियो

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवक परेशान होकर आत्महत्या के लिए नदी में कूद गया। इसका खुलासा तब हुआ जब युवक का शव 8 दिन बाद नदी में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने युवक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से की है। युवक ने नदी में कूदने से पहले एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने कहा कि वह जिंदगी से हार गया है और अब जल समाधि ले रहा है।

नदी में कूदने से पहले सोशल मीडिया पर डाला वीडियो

पुलिस ने बताया कि भीलवाड़ा जिले के गादी खेड़ा का रहने वाल दुर्गेश कुमार बैरवा ने 8 दिन पहले मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाली त्रिवेणी नदी स्थित पुराने पुल से नदी में कूद गया था। इस दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी बनाकर डाला था। 

ले रहा हूं जल समाधि...

इस वीडियो में उसने बताया कि यह त्रिवेणी पुल है, जहां से आज मैं जल समाधि ले रहा हूं। हारता हूं जिंदगी से... ये देख लेना ये बड़ा वाला ब्रिज है त्रिवेणी.. वो मंदिर है और ये छोटा वाला ब्रिज है। युवक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर डाला और पुल से नदी में कूद गया। 

8 दिन बाद मिला शव

वीडियो सामने आने पर परिजनों ने उसकी तलाश भी की लेकिन उसका शव नहीं मिला। सोमवार को 8 दिन बाद उसका शव त्रिवेणी पुलिया से करीब 30 किलोमीटर दूर भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी क्षेत्र के ककरोलियां घाटी गांव के समीप खेत में काम कर रहे ग्रामीणों को बनास नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। 

आधार कार्ड से हुई पहचान

काछोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची ओर उन्होंने शव को बाहर निकाल कर मृतक युवक के पेंट की जेब में रखे आधार कार्ड से उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को काछोला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, पुलिस वायरल वीडियो को लेकर पूरे मामले की जांच में जूटी है।

मृतक ने की थी लव मैरिज

इस मामले को लेकर शाहपुरा के एएसपी राजेश आर्य ने कहा कि शव मिलने की सूचना पर काछोला थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंची शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। वायरल वीडियो की जांच करवाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मृतक लड़के ने पूर्व में लव मैरिज कर रखी थी। परिवार के साथ लगभग 8 साल आना-जाना बंद था फिर भी पुलिस जांच के बाद ही सभी स्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।

रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी