1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई बाइक, 10 फीट दूर गिरे तीन दोस्त, दो की मौके पर मौत, CCTV में कैद हुई घटना

ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई बाइक, 10 फीट दूर गिरे तीन दोस्त, दो की मौके पर मौत, CCTV में कैद हुई घटना

वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर ट्रॉली धीमी गति से आ रही है और तेज रफ्तार बाइक को अपनी तरफ आता देख ट्रैक्टर सड़क से नीचे भी उतर जाता है। इसके बावजूद बाइक ट्रॉली से टकरा जाती है और तीन युवक दूर जा गिरते हैं।

Tractor trolly bike accident- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक का एक्सिडेंट

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा-मंड्रेला रोड पर इस्माईलपुर गांव के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब बाइक पर सवार तीन दोस्त चिड़ावा की ओर जा रहे थे और सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

मृतक सुभाष कुमावत अपने साथी सुरेंद्र और जयसिंह के साथ चूरू जिले के नेशल बड़ी गांव से चिड़ावा की ओर निकले थे। तीनों आपस में अच्छे दोस्त थे और बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन से जुड़े काम करते थे। सुभाष टाइल्स का कार्य करता था और अपने भाई के मकान के लिए टाइल्स खरीदने निकला था, वहीं सुरेंद्र और जयसिंह पेंट का कार्य करते थे। सुभाष की एक साल पहले ही शादी हुई थी।

टक्कर के बाद 10 फीट दूर जा गिरे युवक

जानकारी के अनुसार, जैसे ही बाइक इस्माईलपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक 10 फीट दूर जाकर गिरे। मौके पर सुभाष और सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया, जबकि जयसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विकास स्वामी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को चिड़ावा उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुभाष और सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जयसिंह का इलाज जारी है।

ट्रैक्टर चालक फरार

दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मंड्रेला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराते हुए साफ देखा जा सकता है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच को तेज कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद नेशल बड़ी गांव में शोक की लहर फैल गई है।

(झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)