अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब मेयर चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ होने लगी है। भाजपा ने अनामिका शर्मा और कांग्रेस ने किरण गढ़वाल को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों उम्मीदवारों ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नगर निगम का मेयर पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है और दोनों ही प्रत्याशी सामान्य महिला के लिए आरक्षित वार्ड से चुनाव जीतकर निगम तक पहुंची हैं। भाजपा की प्रत्याशी सामान्य वर्ग से है तो वहीं कांग्रेस की महिला प्रत्याशी ओबीसी वर्ग से आती है।
गृहिणी हैं किरण गढ़वाल
कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी किरण गढ़वाल वार्ड 57 से पार्षद निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नीतू सिंह को 284 मतों से हराया था। किरण गढ़वाल स्नातक हैं और वह गृहिणी हैं जबकि उनके पति लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं। किरण गढ़वाल को नामांकन के लिए कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल खुद गाड़ी चलाकर नगर निगम लेकर पहुंचे। निगम परिसर पहुंचने के बाद किरण गढ़वाल ने नगर निगम की चौखट को नमन किया और परिसर में स्थापित भगवान गणपति के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने नामांकन प्रक्रिया पूरी की।
बीजेपी की अनामिका शर्मा देंगे किरण को टक्कर
वहीं भाजपा ने अनामिका शर्मा को मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। अनामिका शर्मा अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पार्षद चुनी गई हैं, जबकि कांग्रेस की किरण गढ़वाल अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से आती हैं। ऐसे में मेयर चुनाव में अजमेर उत्तर और दक्षिण की राजनीतिक तस्वीर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मेयर चुनाव में जीत के लिए ये है गणित
अजमेर नगर निगम के चुनाव परिणाम में 80 वार्डों में किसी दल को बहुमत नहीं मिला। कांग्रेस ने 37 वार्ड, भाजपा ने 32 वार्ड और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 11 वार्डों में जीत दर्ज की है। निगम में बहुमत के लिए 41 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है और मेयर चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। अब दोनों दलों की नजर 11 निर्दलीय पार्षदों पर है। वहीं कांग्रेस शहर जिला कांग्रेस डॉक्टर राजकुमार जयपाल ने कहा कि जीते हुए सभी निर्दलीय हमारे साथ है और कांग्रेस निगम में बोर्ड बनाने जा रही है।
बहुमत जुटाने में जुटी दोनों पार्टियां
मेयर की कुर्सी के लिए समर्थन जुटाने को लेकर दोनों खेमों में बैठकों और संपर्कों का दौर तेज हो गया है। खास बात यह है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सामान्य महिला वर्ग से चुनाव जीतकर आई महिला पार्षदों को मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। इससे मुकाबला सीधे तौर पर भाजपा की अनामिका शर्मा बनाम कांग्रेस की किरण गढ़वाल हो गया है।
उदयपुर मेयर के लिए बीजेपी ने उतारा प्रत्याशी
वहीं, उदयपुर नगर निगम महापौर के लिए भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा ने महापौर पद के लिए पारस सिंघवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। पारस ने भी अपना नामांकन फाइल कर दिया है।
रिपोर्टः राजकुमार वर्मा, अजमेर
ये भी पढ़ेंः राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत, गहलोत के गढ़ में भी सेंध, कांग्रेस को सिर्फ बीकानेर में बहुमत
अजमेर नगर निगम चुनाव में दरका BJP का किला, 36 साल का दबदबा खत्म, कांग्रेस का पंजा चला, देखें सभी 80 वार्ड के नतीजों की लिस्ट