1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान निकाय चुनाव में BJP की जीत पर CM भजनलाल शर्मा बोले- 'जनता ने मोदी सरकार के काम पर लगाई मुहर'

राजस्थान निकाय चुनाव में BJP की जीत पर CM भजनलाल शर्मा बोले- 'जनता ने मोदी सरकार के काम पर लगाई मुहर'

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमें विश्वास है कि आगामी पंचायत चुनावों में और भी बड़ी जीत हासिल करेंगे। पिछले ढाई सालों में हमने जनता से किए गए 78% वादे पूरे किए हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा- India TV Hindi
Image Source : PTI राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत राजस्थान की जनता और उन कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने चुनाव में जीत के लिए मेहनत की।

‘विकसित भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ का विजन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई सालों में राज्य में हुए विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवाओं ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है। देशभर के युवा उनके विजन को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं और मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।

78 फीसदी वादे पूरे करने का दावा

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले ढाई सालों में जनता से किए गए 78 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों के लिए सरकार की ओर से पेश किए गए ‘शहरी विकास घोषणापत्र’ पर भी जनता ने भरोसा जताया है। यह घोषणापत्र जनकल्याण, विकास और गरीबों के उत्थान पर केंद्रित है।

आगामी पंचायत चुनावों में भी जीत का भरोसा

उन्होंने भरोसा दिलाया कि घोषणापत्र में युवाओं, महिलाओं, आम जनता और वरिष्ठ नागरिकों से किए गए वादों को सरकार निश्चित रूप से पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा की और बड़ी जीत का भरोसा जताया।

‘एक राज्य, एक चुनाव’ का भी जिक्र

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा के ‘एक राज्य, एक चुनाव’ के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव लगातार दो सालों तक होते रहे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की अवधारणा को स्वीकार किया है।

सरकारी धन की रुकेगी बर्बादी

भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनता समझती है कि बार-बार चुनाव होने के बजाय एक साथ चुनाव कराने से विकास का रास्ता आसान होगा और लगातार चुनावों में होने वाली सरकारी धन की बर्बादी भी रुकेगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के नतीजों से इस दृष्टिकोण को जनता का समर्थन मिला है।

ये भी पढ़ें: 

जोधपुर नगर निगम चुनाव में दिग्गजों के किलों में सेंध, अशोक गहलोत के वार्ड में BJP की जीत से कांग्रेस को बड़ा झटका