1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं में मनसा माता की पहाड़ियों में श्रद्धालुओं से भरी बस का ब्रेक फेल, एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

झुंझुनूं में मनसा माता की पहाड़ियों में श्रद्धालुओं से भरी बस का ब्रेक फेल, एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

राजस्थान के झुंझुनूं में मनसा माता की पहाड़ियों में श्रद्धालुओं से भरी बस का ब्रेक फेल होने के कारण बिजली के पोल से टकरा गई। इसके बाद बस में आग लग गई।

हादसे की शिकार बस में लगी आग- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हादसे की शिकार बस में लगी आग

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी के मनसा माता की पहाड़ियों में शुक्रवार शाम एक बस के ब्रेक फैल होने से बस चट्टानों से टकराती हुई हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल से जा टकराई। मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत पोल से टकराते ही बस में आग लग गई। दर्दनाक हादसे में एक शख्स की मौत होने की जानकारी मिल रही है। वहीं करीब दो दर्जन के आसपास श्रद्धालु घायल हो गए। 

बिजली के पोल से टकराने के बाद बस में लगी आग

जानकारी के अनुसार, जयपुर से एक बस में सवार होकर करीब 35-40 लोग गुढ़ा में एक कार्यक्रम में आए थे। कार्यक्रम मनसा माता प्रांगण में था। कार्यक्रम पूरा होने के बाद सभी लोगों ने मनसा माता के दर्शन किए और वापस जयपुर के लिए रवाना हो गए। पहाड़ी से नीचे उतरते समय बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए और बस चट्टानों से टकराती हुई विद्युत पोल से जा टकराई। पोल से टकराते ही बस में आग लग गई। 

घायलों को अस्पताल में करवाया गया भर्ती

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा भी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। गंभीर घायलों को नीमकाथाना अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन भी मौके पर पहुंचा।

जैसलमेर में बस की टक्कर से चरवाहे की मौत

वहीं, जैसलमेर जिले में एक निजी बस ने भेड़ों के एक रेवड़ (समूह) को कुचल दिया जिससे चरवाहे और 25 भेड़ों की मौत हो गई। सदर थाने के सहायक उप निरीक्षक एएसआई मुकेश बीरा ने बताया कि यह हादसा जैसलमेर-बाड़मेर राजमार्ग बृहस्पतिवार रात उस समय हुआ जब निजी यात्री बस बाड़मेर से जैसलमेर आ रही थी। उन्होंने बताया कि छोड़ गांव का निवासी बसीर खान 35 भेड़ों के साथ लौट रहा था तभी बस ने उसे तथा उसके रेवड़ को टक्कर मार दी। 

रिपोर्ट- अमित शर्मा