1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'कोटा की कचौड़ी अब दिल्ली तक गरम-गरम पहुंच जाएगी बिरला जी के पास', जानिए ऐसा क्यों बोले CM भजनलाल शर्मा-VIDEO

'कोटा की कचौड़ी अब दिल्ली तक गरम-गरम पहुंच जाएगी बिरला जी के पास', जानिए ऐसा क्यों बोले CM भजनलाल शर्मा-VIDEO

राजस्थान के मुख्यमंत्रत्री भजनलाल शर्मा ने खुले मंच से कोटा की कचौड़ी का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने कहा कि अब कोटा की गरम-गरम कचौड़ी दिल्ली में ओम बिरला के पास पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।

सीएम भजन लाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला- India TV Hindi
Image Source : PTI सीएम भजन लाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

कोटा-बूंदी 'ग्रीनफील्ड' एयरपोर्ट का शिलान्यास शनिवार को किया गया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू मौजूद रहे। पीएम मोदी ने दिल्ली से वर्चुअली माध्यम से कोटा एयरपोर्ट का शिलान्यास किया।

कोटा में अब आसान होगी कनेक्टिविटी

इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एयरपोर्ट का निर्माण होने के बाद कोटा की कचौड़ी दिल्ली तक बिरला जी के पास गरम-गरम पहुंच जाएगी। कनेक्टिविटी आसान होगी तो कोटा से दिल्ली पहुंचने में कम समय लगेगा। सीएम भजनलाल शर्मा ने यह भी कहा कि यहां बैठे मंत्री सभी लाल हैं, बिरला जी भी अब ओम लाल हो गए। 

कांग्रेस के पेपरलीक में अब फंस रहे मगरमच्छ

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि कांग्रेस के समय पेपर लीक हुए, मगरमच्छ अब फंस रहे हैं। किसी को भी छोडने वाले नहीं हैं। हमारे समय एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। 

रवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम स्थल पर महत्वाकांक्षी नौनेरा तथा परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भूमि पूजन भी किया गया। 

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री एवं कोटा जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, ऊर्जा मंत्री एवं बूंदी जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। 

कोटा से दिनेश कश्यप की रिपोर्ट