1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ट्रक के साथ कुछ किमी तक घिसटती रही कार, महाकाल के दर्शन कर लौट रहे 4 श्रद्धालुओं की फंसकर हुई मौत

ट्रक के साथ कुछ किमी तक घिसटती रही कार, महाकाल के दर्शन कर लौट रहे 4 श्रद्धालुओं की फंसकर हुई मौत

दौसा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार घुस गई। इसकी वजह से कुछ किलोमीटर तक ट्रक के साथ कार घिसटती चली गई।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पापड़दा थाना क्षेत्र के पिलर संख्या- 193 के पास हुआ। ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार घुस गई। इसकी वजह से कुछ किलोमीटर तक ट्रक के साथ कार घिसटती चली गई। हादसे के कारण गाड़ी में शव भी फंस गए थे।

गाड़ी में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान नोएडा (उत्तर प्रदेश) के निवासी के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक उज्जैन (मध्य प्रदेश) में महाकाल के दर्शन करने के बाद नोएडा लौट रहे थे।

कार की सबसे पीछे की सीट बैठा शख्स बचा 

मृतकों में राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) शामिल हैं। इन चारों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार की सबसे पीछे की सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

गाड़ी में दबे शवों को निकाला गया

हादसा इतना भयंकर था कि कार में सवार शव बुरी तरह से फंस गए थे। पुलिस और राहत कार्यकर्ताओं को शवों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला। घायल बृजमोहन को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य मृतकों के शवों को जिला अस्पताल भेजा गया।

ये भी पढ़ें-

गणतंत्र दिवस के मौके पर इस स्कूल में थाली नहीं, रद्दी कागजों पर परोसी गई 'हलवा-पूड़ी', मिड-डे मील की खुली पोल; VIDEO आया सामने

आज बिगड़ेगा देश भर में मौसम का मिजाज, दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट