1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. VIDEO: उदयपुर में कुत्तों ने 8 साल के मासूम पर हमला कर जगह-जगह नोंच डाला, लोग बचाने आए तब भी नहीं छोड़ा

VIDEO: उदयपुर में कुत्तों ने 8 साल के मासूम पर हमला कर जगह-जगह नोंच डाला, लोग बचाने आए तब भी नहीं छोड़ा

उदयपुर के खारोल कॉलोनी में आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चे पर हमला कर घायल कर दिया। बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है।

कुत्तों ने किया बच्चे पर हमला- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कुत्तों ने किया बच्चे पर हमला

उदयपुर: राजस्थान में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला उदयपुर से सामने आया है, जहां पर आवारा कुत्तों ने 8 साल के मासूम पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को रोड पर घसीट कर जगह-जगह नोंचा। बच्चे को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।  

कुत्तों ने बच्चे को कई जगहों पर काटा

जानकारी के मुताबिक, उदयपुर के खारोल कॉलोनी में घर से खेलने निकले 8 साल के मासूम पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। बच्चा इधर-उधर भागता रहा, लेकिन कुत्तों ने पीछा कर उसे कई जगहों पर काट लिया। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुत्तों ने बच्चे को नहीं छोड़ा। कुछ देर बाद कुत्ते वहां से भाग गए। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 

सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक घटना

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मासूम के माता पिता ने कहा हुसैन अली अपने दोस्तों के घर खेलने के लिए निकला था। थोड़ी दूर चलते ही चार कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि इस घटना में एक कुत्ते ने हुसैन का हाथ काट लिया। बच्चे ने बचने का पूरा प्रयास किया। इसी दौरान हुसैन सड़क पर कुत्तों से घिर गया। तभी सामने से साइकिल पर आ रहे उसके दोस्त ने शोर मचाया, जिससे तीन कुत्ते तो वहां से भाग गए, लेकिन एक कुत्ता फिर हुसैन के पीछे पड़ गया। फिर लोगों ने उसको भगाया।

यहां देखें वीडियो 

स्थानीय लोग बोले- बढ़ गया है आवारा कुत्तों का आतंक

परिजनों ने कहा कि इस क्षेत्र में कुत्तों द्वारा इंसानों पर हमला आम बात हो गई है। आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कुत्ते कभी भी किसी पर हमला कर देते हैं।

रिपोर्ट- भगवान प्रजापत, उदयपुर