1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बड़े भाई ने सिलबट्टे से मारकर की छोटे भाई की हत्या, दो दिन बाद खुला राज

बड़े भाई ने सिलबट्टे से मारकर की छोटे भाई की हत्या, दो दिन बाद खुला राज

राजस्थान के सीकर जिले में एक व्यक्ति का शव बंद कमरे से बरामद हुआ। जांच में पता चला कि बड़े भाई ने ही सिलबट्टे से हमला करके छोटे भाई की हत्या की थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या।

सीकर: राजस्थान के सीकर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां फतेहपुर सदर थाना क्षेत्र के दांतरू गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की पीछे की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी बड़े भाई ने छोटे भाई पर सिलबट्टे के पत्थर से हमला किया। इस हमले में छोटे भाई को गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़े भाई ने छोटे भाई के शव को एक कमरे में बंद कर दिया और फिर वह गांव से चला गया।

पारिवारिक विवाद को लेकर हुआ झगड़ा

पुलिस के अनुसार, पूरा मामला 13 जून का बताया जा रहा है। यहां दांतरू गांव में रामअवतार (43) और उसके छोटे भाई घनश्याम (30) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला ज्यादा बढ़ गया, जिसके बाद बड़े भाई ने छोटे भाई पर सिलबट्टे के पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोट लगने की वजह से छोटे भाई घनश्याम की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आरोपी ने शव को एक कमरे में बंद किया और फिर काम के लिए गांव से बाहर चला गया। फिलहाल पुलिस ने रामअवतार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बदबू आने के बाद खुला राज

मामले के बारे में लोगों को तब पता चला जब दो दिन बाद 15 जून को घर से बदबू आने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। यहां जब पुलिस ने कमरा खोलकर देखा तो सड़ी-गली हालत में घनश्याम का शव मिला। इसके बाद एफएसएल की टीम को बुलाया गया और मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं बताया जा रहा है कि दोनों भाई कारपेंटर का काम करते थे। मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ पिता के साथ रहता था। दोनों की मां पहले ही गुजर चुकी थी, जबकि दो बहनें शादीशुदा हैं। आरोपी रामअवतार की पत्नी भी बच्चों को लेकर उसे छोड़ चुकी है। (इनपुट- अमित शर्मा)